जम्मू-कश्मीर: अरनिया आईबी पर दिखा ड्रोन, पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीएसएफ के जवानों पर की फायरिंग
अधिकारियों ने बताया कि अरनिया बीओपी में तैनात जवानों ने पाकिस्तान की तरफ से संदिग्ध ड्रोन को भारतीय सीमा की तरफ आते देखा। इसके बाद उसे हवाई फायरिंग कर भगाया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से ड्रोन की घुसपैठ को नाकाम बनाते हुए बीएसएफ के जवानों ने शुक्रवार को आधी रात के बाद फायरिंग कर ड्रोन को खदेड़ दिया। बीएसएफ की फायरिंग पर पाकिस्तानी रेंजरों ने भी कई चक्र गोलियां चलाईं।हालांकि, इसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
ड्रोन की घुसपैठ के बाद शनिवार को पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया ताकि हथियार या नशे की खेप गिराई गई हो तो उसे बरामद किया जा सके। दो दिन पहले कठुआ के हीरानगर सेक्टर में बॉर्डर पुलिस पोस्ट के पास धमाके के बाद अब ड्रोन की घुसपैठ से पूरी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
बीएसएफ प्रवक्ता के अनुसार अरनिया सेक्टर की पंचायत पिंडी चाढका कला के स्टॉप 2 बॉर्डर आउटपोस्ट के नजदीक शुक्रवार देर रात को पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन की हरकत देखी गई, जो भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहा था। तीन सौ-साढ़े तीन सौ फुट की ऊंचाई पर उड़ रहे ड्रोन को मार गिराने के लिए बीएसएफ के जवानों ने 15-16 गोलियां चलाईं।
इसके बाद ड्रोन पाकिस्तान की सीमा में लौट गया। वहीं, बीएसएफ पोस्ट के ठीक सामने पाकिस्तान की बॉर्डर पोस्ट जमील पर तैनात पाकिस्तानी रेंजरों की ओर से बीएसएफ जवानों पर 20-25 गोलियां दागी गईं। शनिवार की सुबह पूरे इलाके में बीएसएफ जवानों ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
ज्ञात हो कि अरनिया सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा घुसपैठ और ड्रोन के जरिए विस्फोटक सामग्री व नशीला पदार्थ भेजने का प्रयास किया जा रहा है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों द्वारा उसका कड़ा जवाब दिया जाता है और हर बार पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ रही है।