'जीत के बाद भाजपा ने जनता को दिया धोखा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2014 के विधानसभा चुनाव नतीजों में तीन विधायकों से सिफर पर पहुंची जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी इन दिनों अपने वजूद को बनाए रखने की कशमकश के दौर से गुजर रही है।
पैंथर्स पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया की मानें तो पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार ने पैंथर्स पार्टी के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा प्रदान करने के अलावा पार्टी को फिर से खड़ा करने का मौका प्रदान कर दिया है।
भाजपा के वादों पर खरा न उतरने से पैंथर्स नई ऊर्जा के साथ अब जनता के बीच जाएगी और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता के बीच रखेगी। सबसे खास पैंथर्स अब मुख्य तौर पर जम्मू के सियासी दल के रूप में सियासत करेगी।
लगातार दूसरी बार पैंथर्स पार्टी के प्रधान निर्वाचित हुए बलवंत सिंह मनकोटिया से ‘अमर उजाला’ ने विधानसभा चुनाव में हार से लेकर सियासी परिदृश्य और पार्टी की भविष्य की योजनाओं के बारे में विशेष बातचीत की।
'मोदी लहर के झांसे में आ गए लोग'
मनकोटिया का कहना है कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि विधानसभा चुनाव 2014 में पार्टी को बड़ा झटका लगा। मोदी लहर इस कद्र हावी रही कि लोग भाजपा के वादों के झांसे में आ गए। लोगों को लगा कि जम्मू का विकास ही विकास होगा। बेरोजगारी खत्म होगी। सबसे खास राष्ट्रवादी ताकतों का मनोबल बढ़ेगा।
जम्मू संभाग की 37 में से 25 सीटें भाजपा को मिलीं, लेकिन भाजपा ने जनता से धोखा किया। पच्चीस विधायक बनने के बाद भाजपा ने पीडीपी से गठबंधन कर जम्मू संभाग के लोगों की आकांक्षाओं पर करारी चोट की। वैचारिक रूप से एकदम विपरीत पार्टी से भाजपा ने सत्ता के लिए गठबंधन किया और कुर्सी के लिए सारे वादे भूल गई।
अलगाववाद से कोई समझौता न करने के वादे करने वाली भाजपा ने गठबंधन सरकार में आते ही मसर्रत आलम की रिर्हाई कर राष्ट्रवादी ताकतों का मनोबल गिरा दिया। पाकिस्तान के झंडे कश्मीर में लहराए गए।
सांबा और कठुआ में आतंकी हमले हुए। रिफ्यूजियों की अनदेखी की गई। न्यनूतम साझा कार्र्यक्रम में वह मुद्दे गायब हैं, जिन्हे लेकर भाजपा मतदाताओं के बीच गई। जम्मू के लोग ठगा महसूस कर रहे हैं।
लंबी नहीं चलेगी गठबंधन सरकार
हार से काफी कुछ सीखने को मिला
मनकोटिया का कहना है कि हार से पार्टी को काफी कुछ सीखने को मिला है। कमियों को दूर कर पैंथर्स पार्टी अब हर घर का दरवाजा खटखटाएगी। पार्टी की नीतियां और कार्यक्रमों से जनता को जागरूक किया जाएगा। नेतृत्व से लेकर कार्यकर्ता तक ने हार से काफी कुछ सीखा है।
लंबी नहीं चलेगी गठबंधन सरकार
पैंथर्स अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ उतरने वाली भाजपा और पीडीपी का गठबंधन महज सत्ता हासिल करने के लिए हुआ है। वैचारिक मतभेदों की वजह से उन्हें नहीं लगता कि यह सरकार ज्यादा समय टिक पाएगी।
वादे पूरा करके दिखाए भाजपा
भाजपा को चुनाव के दिनों में लोगों से किए वादों को पूरा करके दिखाना चाहिए। बेरोजगार युवाओं को नौकरी देनी चाहिए। जम्मू संभाग से भेदभाव दूर होना चाहिए। रिफ्यूजियों की समस्याओं को दूर होना है। पाकिस्तान की गोलाबारी, घुसपैठ और आतंकवाद पर पूरी तरह से रोक लगानी चाहिए। सबसे खास राष्ट्रवादी लोगों का सम्मान बहाल करना चाहिए।