Bird Flu in Jammu Kashmir: नौ और पालतू परिंदों को मारकर दफनाया, दस किलोमीटर दायरे में एकत्र किए गए सैंपल
उधमपुर के जगानू ब्लॉक के धंदाल इलाके में बर्ड फ्लू के दो मामले सामने आने के बाद मंगलवार को दूसरे दिन नौ और परिदों को मारकर दफनाया गया। इसके साथ दस किलोमीटर के दायरे में सैंपल लेने की भी प्रक्रिया जारी रही।
दो दिन में 30 पक्षियों को मारा जा चुका है। शहर में भी करीब दस दुकानों के सैंपल लिए गए हैं। चीफ एनिमल हस्बेंड्री आफिसर का कहना है कि सर्वे में केवल 30 पक्षी ही पाए गए थे और सबको मार दिया गया है। शनिवार को धंदाल गांव में दो पक्षियों में बर्ड फ्लू के लक्षण पाए गए थे। इसके बाद प्रशासन की तरफ से अलर्ट जारी किया गया। सोमवार को पशुपालन विभाग की टीमों ने धंदाल गांव के एक किलोमीटर के इलाके में पालतू परिंदों को मारने की प्रक्रिया शुरू की थी। पहले दिन 21 और दूसरे दिन मंगलवार को नौ और परिंदों को मार कर दिशानिर्देशों के अनुसार दफनाया गया है।
लोगों ने पक्षियों को मारने से बचाने के लिए छिपा दिया
रविवार को इसको लेकर सर्वे किया गया था। सर्वे में घरों में रखे गए परिदों की संख्या 30 थी। सोमवार को कुछ लोगों ने पक्षियों को मारने से बचाने के लिए छिपा दिया था। मंगलवार को टीम ने इनकी तलाश कर सबको मार दिया। मंगलवार को गांव के साथ शहर में भी सैंपल लिए गए। मंगलवार को चिकन की ज्यादातर दुकानें बंद थीं, जिस कारण शाम तक केवल दस दुकानों से ही सैंपल लिए जा सके हैं।
पशुपालन विभाग की टीमें लगातार सैैंपल एकत्र कर रही हैं। इन्हें एक साथ जालंधर भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद विभाग की तरफ से आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। -डॉ. इंद्रजीत सिंह, चीफ एनिमल हस्बेंड्री अफसर, उधमपुर