बड़े हमले की साजिश में पाक की बैट टीम, सेना सतर्क
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर घाटी में भी एलओसी पर साजिश रची गई है। कुछ दिन पहले केरन सेक्टर में बैट हमले के दौरान एक जवान के शव को क्षत-विक्षत कर दिया गया था। बैट हमले की खुफिया इनपुट्स के बाद सेना और बीएसएफ ने सक्रियता बढ़ा दी है।
सूत्रों का कहना है कि एलओसी पर बैट की तैनाती के साथ ही स्नाइपर रायफल से लैस जवानों को भी लगाया गया है, ताकि वे काफी दूरी से ही भारतीय जवानों को निशाना बना सकें। भारतीय जवानों को निशाना बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षित कमांडोज भी लगाए गए हैं। इनपुट्स इस बात के भी हैं कि पाक पोस्टों में रखे गए बैट टीम के सदस्य मौके की तलाश में रह रहे हैं।
एलओसी पर जवानों को सतर्क रहने के निर्देश
कृष्णा घाटी, शाहपुर किरनी तथा साब्जियां सेक्टर में भौगोलिक परिस्थितियां माकूल होने के कारण यहां हमले की आशंका अधिक है। कहा जा रहा है कि बैट टीम को इसलिए सक्रिय किया गया है, ताकि भारतीय जवानों के हौसले पस्त किए जा सकें। खुफिया इनपुट्स के बाद एलओसी पर जवानों को सतर्क रहने को कहा गया है।
साथ ही हर संदिग्ध गतिविधियों का माकूल जवाब देने की छूट दी गई है। ज्ञात हो कि घाटी के केरन सेक्टर में 28 अक्टूबर को बैट टीम ने हमला कर जवान मंदीप सिंह के शव को क्षत विक्षत कर दिया था। स्नाइपर रायफल से पिछले दिनों राजोरी, कठुआ के हीरानगर तथा पुंछ में सेना और बीएसएफ के तीन जवानों को निशाना बनाया जा चुका है।
पाक की प्रशिक्षित आतंकियों और कमांडो सेना की टीम है बैट
BAT पाकिस्तान की कमांडो सेना और प्रशिक्षित आतंकियों की टुकड़ी है जो भारतीय सीमा में घुसपैठ कर अपनी करतूतों को अंजाम देती है। पाकिस्तानी सेना इन आतंकियों को कवर देती है। बेहद क्रूर बैट ने जनवरी 2013 में भी मेंढर सेक्टर में शहीद हेमराज का सिर काट लिया था, जबकि दूसरे शहीद के शव को क्षत-विक्षत कर दिया था।
बैट टीम में छह से आठ सदस्य होते हैं। इनमें आईएसआई एवं पाक सेना के अलावा आतंकी होते हैं। बैट टीम भारतीय पोस्टों पर हमला कर जवानों की निर्मम हत्या कर लौट जाती है। इनका मकसद ज्यादा से ज्यादा भारतीय सैनिकों को नुकसान पहुंचाना होता है।