J&K: बांदीपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, दो जवान घायल, घने जंगलों के बीच चल रहा अभियान
Encounter in Kashmir : बांदीपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई है। शुरुआत में दो जवान घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बांदीपोरा में पहाड़ और जंगल से घिरे क्षेत्र में आतंक रोधी अभियान चल रहा है।
विस्तार
उत्तरी कश्मीर के जिला बांदीपोरा के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच बुधवार को मुठभेड़ हो गई है। जिले के अरगाम इलाके के रंजी के जंगली इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी का पता चला है। कश्मीर जोन पुलिस ने यह जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक गोलीबारी में दो जवान घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के अस्पताल ले जाया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ स्थल के आसपास का इलाका ऊंचे पहाड़ और घने जंगलों से घिरा हुआ है। पुलिस, एसओजी, सेना, सीआरपीएफ के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है। आसपास के इलाके को भी खंगाला जा रहा है। आतंकियों की तलाश के लिए चॉपर, स्निफर डॉग्स और ड्रोन की मदद भी ली जा रही है।
A contact was established between #terrorists and security forces in the early morning in Renji forest area of Aragam, #Bandipora. Search operation is going on.@JmuKmrPolice
विज्ञापन विज्ञापन— Kashmir Zone Police (@KashmirPolice) April 24, 2024
खूंखार पाकिस्तानी दहशतगर्द अबू हमजा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, 10 लाख का इनाम घोषित
जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक पाकिस्तानी दहशतगर्द अबू हमजा की तस्वीर जारी कर उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। जम्मू संभाग के जिला राजोरी के शाहदरा शरीफ के कुंडा टोपा में सोमवार रात आतंकी हमले में मारे गए सरकारी कर्मचारी मोहम्मद रजाक की हत्या के मामले के बाद यह नोटिस जारी किया गया है। हमजा पर 10 लाख का इनाम घोषित किया गया है। इस बीच पुलिस ने चार ओवर ग्राउंड वर्करों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकी अबू हमजा की जानकारी देने वाले का नाम पता गुप्त रखेगी। हमजा को थन्नामंडी शाहदरा शरीफ क्षेत्रों में सक्रिय देखा गया है। उसने पठानी सूट पहना हुआ है और भूरे रंग की शाल उसने ओढ़ रखी है। उसके पास ऑरेंज कलर का एक बैग भी बताया जा रहा है।
आतंकियों के पास टीए जवान की थी पूरी जानकारी
सूत्रों का दावा है कि शाहदरा शरीफ में जिन आतंकियों ने टीए जवान के घर पर दस्तक दी थी। उनके पास जवान की मौजूदगी की पूरी जानकारी थी। दहशतगर्दों को पता था कि जवान कब अपने घर आता-जाता है। इससे साफ है कि कुछ स्थानीय लोग या आतंकी मददगारों ने ही जवान की पूरी जानकारी आतंकियों तक पहुंचाई। इस मामले में आने वाले दिनों में पुलिस कुछ और लोगों को उठा सकती है।
पिछले दो साल से लगातार हुए हैं आतंकी हमले
बीते दो साल से राजोरी-पुंछ जिले में फिर से दहशत फैलाने के लिए आतंकी लगातार हमले कर रहे हैं। एक जनवरी, 2023 को राजोरी के ढांगरी क्षेत्र में आतंकियों ने सात हिंदुओं की निर्मम हत्या कर दी। पिछले साल ही मई में राजोरी के कंडी केसरी हिल में आतंकियों ने हमला किया, जिसमें सेना के पांच पैरा कमांडो बलिदान हो गए। दहशतगर्दों ने पुंछ के भाटादूड़ियां में अप्रैल, 2023 में सेना के वाहन पर हमला कर पांच जवानों को शहीद कर दिया। पुंछ के टोपा पीर में पिछले वर्ष 22 दिसंबर को सेना के वाहन पर हमला कर चार 4 जवानों को शहीद करने और 2 जवानों को क्षत-विक्षत करने वाले आतंकियों की धरपकड़ में अभी तक सुरक्षा बलों को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।