बारामुला। पुलिस ने चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी पुलिस चौकी मीरगुंडा के अंतर्गत हुई चोरी की घटनाओं में शामिल थे। इनके कब्जे से क्षेत्र से चोरी हुआ करीब 50 लाख रुपये का सामान भी बरामद किया है। इनके खिलाफ सात एफआईआर भी दर्ज हैं।
एसएसपी बारामुला अब्दुल कयूम ने कहा कि लॉकडाउन के कारण उपजी स्थिति में चोर सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जब से लॉकडाउन हुआ है तब से मीरगुंड पट्टन के लोग चोरी की घटनाआें से परेशान थे। शिकायत के मुताबिक ये गिरोह इलेक्ट्रॉनिक, किराना, रेडीमेड गारमेंट्स, हार्डवेयर की दुकानों को निशाना बना रहा था। साथ ही वाहन भी चुराता था। शिकायतों के बाद पुलिस ने एसडीपीओ पट्टन के नेतृत्च में एक टीम गठित की, जिसकी निगरानी स्वयं एसएसपी बारामुला ने की। पुलिस टीम ने अपने स्थानीय सूत्रों को सक्रिय करते हुए कुछ संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई। उन्होंने कहा कि 14-15 अप्रैल को मध्य रात्रि एक ईको वैन चोरी हुई, जिसके बारे में घाटी के सभी थानों को सूचित कर दिया गया। इसी बीच जांच टीम ने एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने तीन अन्य साथियों का खुलासा कर दिया, जो अलग-अलग क्षेत्र में थे। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि जब भी चोरी की घटना को अंजाम देते थे तो चुराए गए सामान को चारों बराबर बांट लेते थे।