जम्मू में सेना ने चलाया राहत अभियान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मूसलाधार बारिश के कहर में बिक्रम चौक के पास तवी से सटे डेढ़ दर्जन कुल्ले पानी में डूब गए। बेलिचराना इलाके में तीन मकान तेज बहाव में बह गए। बाढ़ के खतरे को भांपते हुए लोग पहले ही सक्रिय हो गए थे और सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए थे। इसके बावजूद कई परिवार फंस गए, तब सेना ने रेस्क्यू आपरेशन चलाकर 59 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
मूसलाधार बारिश वीरवार से ही कहर ढा रही है। संभाग में नदी नालों, चिनाब और तवी नदी में पानी का जलस्तर खतरे के करीब पहुंच गया। शुक्रवार तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। तवी में देर रात को ही जलस्तर बढ़ गया था। खतरे का निशान 17 प्वाइंट है, जबकि पानी 19 प्वाइंट तक पहुंच गया। फ्लड एंड कंट्रोल, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी सक्रिय हो गए। स्थानीय पुलिस और जिला पुलिस लाइन से मुलाजिमों को बेलिचराना में लगा दिया गया। रात के समय से ही फ्लाइंग की गाडि़यां लगा दी गई थी।
सुबह होते ही पानी की स्तर बढ़ गया। इससे डेढ़ दर्जन कुल्ले पानी में डूब गए। बेलिचराना के बीच के हिस्से में तीन मकान थे जो पानी के तेज बहाव से बह गए। लोगों ने भागकर जान बचाई। लोग बिस्तर, बर्तन, भेड़-बकरियों को कंधे पर उठाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे। पुलिस ने आगे बढ़कर बेलिचराना के लोगों को हालात से अवगत करवाते हुए अलर्ट रहने के लिए कहा।
प्रशासन ने 2800 लोगों को सुरक्षित निकाला
तवी नदी में आए उफान से हुए नुकसान का जिला प्रशासन ने प्राथमिक दृष्टि से आंकलन किया है, जिसमें 2800 लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है, जबकि 107 लोगों को हमीरपुर इलाके में हेलीकाप्टर की मदद से बाहर निकाला गया है। डेढ़ हजार लोगों को घर ढह जाने से कैंप में ठहराया गया है। अभी तक की रिपोर्ट में अलग-अलग जगह पर दो दर्जन मकान गिरे हैं।
तवी नदी में आए उफान से शहर में हालात चिंताजनक बन गए। पानी का स्तर 17 प्वाइंट के खतरे के निशान से बढ़कर 19 प्वाइंट तक बढ़ गया। तवी के किनारे बसे लोगों के जहां मकान टूट गए हैं, वहां ढांचा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। डिप्टी कमिश्नर अजीत कुमार साहु के मुताबिक अलग-अलग हिस्सों में दो दर्जन के करीब मकान गिर गए हैं और सेना की मदद से 2800 लोगों सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
हमीरपुर और उसके आसपास के इलाकों में 107 लोगों को हेलिकाप्टर की मदद से बाहर निकाला गया है। शिविरों में ठहराए गए लोगों की संख्या डेढ़ हजार पहुंच गई है और तवी में आए उफान में फंसे एक व्यक्ति चोट भी आई है। डीसी अजीत कुमार साहु के मुताबिक कैंप में फंसे लोगों की हिफाजत प्रशासन के जिम्मे है। हालात सुधरने सारे इंतजाम प्रशासन की ओर से किए जाएंगे।