भारी बारिश ने मचाई तबाही, डेढ़ सौ भेड़ों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारी बारिश के साथ तूफान और ओलावृष्टि ने रविवार की रात को काफी तबाही मचाई। जान-माल को व्यापक नुकसान पहुंचा। पंचैरी के कुलटयाड़ में पशुओं से भरा एक 407 ट्रक नाले में फंस गया। ट्रक में पानी भर जाने के कारण उसमें सवार एक व्यक्ति और चार गायों की मौत हो गई।
जबकि उसमें सवार दो अन्य ने रात भर ट्रक की छत पर खड़े होकर अपनी जान बचाई। इसके अलावा टिकरी के देवबड़ पहाड़ी क्षेत्र में बक्करवाल मोहम्मद जिलानी की डेढ़ सौ भेडे़ बारिश और ओलावृष्टि की चपेट में आकर मर गईं।
कई इलाकों में कच्चे मकानों की छतें उड़ गई। कई घर और दीवारें ढह गईं। वहीं सोमवार को चिनैनी सबडिविजन के सीरा इलाके में तवी को पार करने के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति बह गया।
रविवार रात को लगातार मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों का काफी नुकसान हुआ। जान और माल के नुकसान के अलावा कई घरों को भी नुकसान पहुंचा। रात को उधमपुर से 48 किलोमीटर दूर पंचैरी ब्लाक के बदोता गांव के लिए कुछ लोग निकले।
पंचैरी में पशुओं से लदा एक ट्रक नाले में फंसा
सभी 407 माडल के ट्रक में सवार थे। साथ में गाय और कुत्ते लेकर जा रहे थे। रास्ते में कुलटयाड़ वाला क्षेत्र में नाले में ट्रक फंस गया। गाड़ी को निकालने का काफी प्रयास किया।
लगातार बारिश के कारण अचानक नाले में पानी काफी बढ़ गया और गाड़ी कुछ दूर बह गई, जिसके कारण गाड़ी में सवार अंग्रेज सिंह पुत्र चमनलाल निवासी बदोता बह गया। जबकि ड्राइवर संजय कुमार निवासी कुद और करतार सिंह निवासी बदोता तुरंत गाड़ी की छत पर चढ़ गए।
पूरी रात दोनों बारिश में यूं ही खड़े रहे। सुबह तड़के इसकी सूचना पुलिस को मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बचा लिया। अंग्रेज की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
दोनों को पंचैरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बारिश के कारण रास्ता भी बंद हो गया, जिससे दोनों को जिला अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। बता दें कि 4 सितंबर 2011 में को भी कुलटियाड़ नाले में दो लोग बह गए थे।
वहीं, टिकरी में मो. जिलानी की डेढ़ सौ भेड़ों की मौत हो गई। जिलानी ने इन भेड़ों के बाल काटे हुए थे। ओलावृष्टि के कारण भेड़ें उसे सहन नहीं कर सकीं और दम तोड़ दिया। इन भेड़ों का पशु पालन विभाग के डाक्टरों ने पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने भी प्राकृतिक आपदा के कारण इन भेड़ों की मौत का मामला दर्ज कर लिया है।
अन्य क्षेत्रों से भी नुकसान की सूचना मिली। इसके अलावा गांव सीरा से पट्टन के लिए जा रहा गोरखू (55) तवी नदी को पार कर रहा था।
नदी में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण वह बह गया। बाद में उसका शव कुछ दूर जाकर मिला। एसपी एमएल कैथ के अनुसार नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और उसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।