अमरनाथ यात्रा: मई के मध्य में शुरू करने की तैयारी, राज्यपाल की मुहर के बाद होगा ऑनलाइन पंजीकरण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष व राज्यपाल सत्यपाल मलिक की मुहर लगने के बाद यात्रियों के लिए शीघ्र ऑनलाइन यात्री पंजीकरण सुविधा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसे मई के मध्य या अंत तक शुरू किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड की जल्द बैठक बुलाने की उम्मीद है। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए फिलहाल यात्रियों की संख्या निर्धारित नहीं की गई है। इस सेवा के शुरू होने के बाद देश के किसी भी कोने से यात्री घर बैठकर ही पंजीकरण करवा सकेंगे। मौजूदा अग्रिम पंजीकरण में करीब 55 हजार यात्री पंजीकरण करवा चुके हैं। यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
वर्ष 2013 के बाद ऑनलाइन यात्री पंजीकरण सुविधा को विभिन्न कारणों से बंद किया गया था। जिसके दोबारा शुरू करके यात्रियों को राहत देने की तैयारी की जा रही है। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन यात्री पंजीकरण का प्रस्ताव बनाया गया है, जिसे शीघ्र बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा।
इसमें ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर जरूरी जानकारी के साथ कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट अपलोड किया जाएगा। जिसके बाद यात्रा के दौरान बालटाल/दोमेल और नुनवान/पहलगाम/चंदनबाड़ी बेस कैंप पर असली कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट की जांच की जाएगी। यात्रा की व्यवस्था के लिए बोर्ड की ओर से विभिन्न टेंडर किए जा रहे हैं। इस साल एक जुलाई से शुरू होकर 46 दिन की अमरनाथ यात्रा हो रही है।
श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रियों के लिए शुरू की सुविधा
वैष्णो देवी के दर्शन को जाने वाले भक्तों को अब यात्रा मार्ग पर नि:शुल्क लंगर की सुविधा मिलेगी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने वीरवार को कटड़ा से अर्द्धकुंवारी के बीच बनाए गए ताराकोट मार्ग पर इस सुविधा की शुरुआत की। यह सुविधा पूरे वर्ष नि:शुल्क उपलब्ध होगी।
लंगर का शुभारंभ करते हुए श्राइन बोर्ड के सीईओ सिमरनदीप सिंह, अतिरिक्त सीईओ विवेक वर्मा सहित बोर्ड के अन्य कर्मियों ने मुंबई से आए कुछ यात्रियों को भोजन परोस कर किया।
-लंगर भवन में 200 लोगों को बैठने की सुविधा
लंगर की शुरुआत ताराकोट मार्ग पर श्राइन बोर्ड द्वारा बनाए गए भोजनालय पर की गई, जिसमें एक समय में दो सौ यात्रियों के बैठने की सुविधा है। रसोई घर को भी सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है।
-एक दिन में 8500 लोगों को मिलेगा भोजन
लंगर में एक दिन में 8500 भक्तों को भोजन कराने का लक्ष रहेगा। भोजनालय स्थल पर बर्तन साफ करने के लिए विशेष प्रबंध किया गया है। इस लंगर में राज्य का ट्रेडिशनल भोजन दिया जाएगा।
-यात्री कर सकते हैं आर्थिक सहयोग
लंगर में सहयोग देने के लिए यात्रियों के लिए डोनेशन बाक्स भी बनाए गए हैं तथा यात्री ऑनलाइन भी डोनेशन दे सकते हैं।
-पीएम ने पिछले वर्ष किया था इस मार्ग का उद्घाटन
गौरतलब है कि ताराकोट मार्ग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले वर्ष 19 मई को किया गया था।