Amarnath Yatra: केंद्र पर टिकीं निगाहें, चौथी बार बढ़ाई गई तिथि, 31 मई के बाद होगा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमरनाथ यात्रा को लेकर निगाहें अब केंद्र सरकार पर टिक गई हैं। लॉकडाउन को लेकर केंद्र के निर्देश के अनुसार ही यात्रा पर फैसला लिया जाएगा। फिलहाल, यात्री पंजीकरण को 31 मई तक स्थगित कर दिया गया है। यह चौथी बार है, जब पंजीकरण तिथि आगे बढ़ाई गई है।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के तय शेड्यूल में 23 जून को यात्रा को शुरू करना प्रस्तावित है। इस बीच गुरुवार को सोशल मीडिया पर यात्रा अवधि 15 दिन किए जाने और बालटाल रूट से ही केवल यात्रा शुरू किए जाने की खबरें तैरती रहीं।
बोर्ड के पुराने शेड्यूल में देश भर की बैंक शाखाओं में गत एक अप्रैल से अग्रिम यात्री पंजीकरण प्रक्रिया को शुरू किया जाना था लेकिन 25 मार्च को लॉकडाउन के चलते यह संभव नहीं हो पाया। इसके बाद लगातार 4 लॉकडाउन हो चुके हैं, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई।
इस वजह से यात्रा पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है
जम्मू-कश्मीर में भी तेजी से पांव पसार रहे कोरोना संक्रमण के कारण यात्रा की तैयारियों को औपचारिक तौर पर शुरू भी नहीं किया जा सका है। यात्रा का पारंपरिक रूट कश्मीर में बालटाल और पहलगाम है। लेकिन कश्मीर में अधिकतर कोविड मामलों के आने से यात्रा पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इससे पहले श्राइन बोर्ड भी एक बार यात्रा को रद्द करने के बाद यह फैसला वापस ले चुका है। बोर्ड की ओर से मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा को लेकर कई प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके तहत यात्रा की अवधि को कम करने, यात्री आयु सीमा में बदलाव, हेलिकॉप्टर से ही यात्रा करवाना आदि शामिल है। इस बार 42 दिन की यात्रा प्रस्तावित है।