मीरा साहिब। मीरां साहिब मरालिया सड़क की जर्जर हालत पर लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। मरालिया मोड़ से डाक बंगला तक जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द सड़क की हालत को नहीं सुधारा गया तो वह अब बड़े स्तर पर आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने इस दौरान सड़क पर जमा पानी से मछलियां पकड़ कर भी अपना रोष जताया। प्रदर्शन में शामिल दड़प पंचायत के नायब सरपंच तथा समाज सेवक प्रवीण कुमार, लवली शर्मा आदि ने कहा कि बारिश होने के बाद सड़क पर इतना पानी जमा हो गया है कि लोगों का गुजरना तक मुश्किल बना है। विभाग द्वारा सड़क का निर्माण कार्य आधा अधूरा किया गया है, जिस कारण सड़क पर बने गड्ढों में पानी जमा हो जाता है। सड़क की हालत इतनी खराब हो जाती है कि लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। इससे सड़क मार्ग पर दुर्घटनाएं घट रही हैं। सड़क की हालत जर्जर बनी होने पर लोगों को दूूसरे सड़क मार्ग से आनाजाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जब सांसद जुगल किशोर शर्मा ने सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया था तो लोगों में एक आशा जगी थी कि अब सड़क की हालत में सुधार होगा, लेकिन विभाग द्वारा सड़क का निर्माण कार्य आधा अधूरा ही छोड़ दिया गया। इस कारण तीन-तीन विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को इस सड़क मार्ग पर गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द सड़क की हालत को नहीं सुधारा गया तो वह एक बार फिर से बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे जिसके लिए सरकार व विभाग पूरी तरह से जिम्मेदार होगा।