मीरां साहिब। कोटली मिया फत्ता पंचायत के सरपंच सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में मरालिया मीरां साहिब सड़क की हालत में सुधार नहीं करने पर शनिवार को प्रदर्शन किया गया। सड़क व भवन निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने के साथ उन्होंने सरकार की ओर से इस सड़क की हालत में सुधार नहीं करने पर रोष जताया।
सरपंच सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले दिनों मीरां साहब से सड़क पर तारकोल डालना आरंभ किया गया था। लेकिन आधी अधूरी सड़क पर तारकोल डालकर जिस स्थान पर जरूरी था कार्य छोड़ दिया गया। सड़क पर बने गड्ढों के चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैक टू विलेज कार्यक्रम के दौरान भी पहुंचे अधिकारियों को इसके बारे में जानकारी दी गई। लेकिन सिवाय झूठे आश्वासनों के कुछ नहीं किया जा रहा। पंच जनक राज, सुभाष चंद्र, दौलत सिंह का कहना है कि बिश्नाह सहित कई गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर तारकोल नहीं डाली जा रही, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र सड़क पर तारकोल नहीं डाल पक्का नहीं किया गया तो आंदोलन तेज करेंगे।