बिश्नाह। गांव आमीर नगर हरसा दबड और टिबे देवली के किसानों ने मंगलवार को सिंचाई विभाग के खिलाफ उस समय नारेबाजी की, जब नहर में छोड़ा गया पानी लोगों के घरों और खेतों में घुस गया। इससे सूखा चारा और उड़द दाल की फसल को काफी नुकसान पहुंचा। इसके बाद तीन गांव के किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
इन लोगों का आरोप था कि सिंचाई विभाग ने इस बार बिना नहर की सफाई किए ही पानी छोड़ दिया, जिसका खामियाजा उन किसानों को भुगतना पड़ा। वही किसान कूड़ा राम, सरदार जनक सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग की तरफ से इस बार नहरों की सफाई नहीं होने के कारण नहर में छोड़ा गया पानी घरों में घुस रहा है और लोगों के खेतों में भी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। जिन फसलों को इस समय पानी नहीं चाहिए नहर की सफाई न होने के कारण उन खेतों में पानी घुस रहा है। किसानों ने कहा कि अगर जल्द ही नहर की सफाई नहीं कराई गई तो सिंचाई विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे।