जम्मू। कुछ ही दिनों में शुरू होने जा रही अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की शुक्रवार समीक्षा की गई। एडीजीपी जम्मू आनंद जैन ने जम्मू संभाग के तमाम पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर बंदोबस्त का जायजा लिया। अमरनाथ यात्रा के अलावा श्री बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा, मेला खीर भवानी यात्रा और श्री मचैल माता यात्रा-2024 पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दौरान भगवती नगर, जम्मू में यात्री निवास और अन्य आवास केंद्रों में यात्रियों के ठहरने के दौरान मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए संयुक्त नियंत्रण कक्षों की स्थापना पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों की सुरक्षित और परेशानी मुक्त आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन योजनाओं की समीक्षा की। जिला एसपी और रेंज डीआईएसजी ने एडीजीपी को बताया कि सभी स्तरों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सीएपीएफ कर्मियों की तैनाती, डोडा, किश्तवाड़, राजोरी, पुंछ और रियासी सहित जम्मू क्षेत्र के जिलों में किसी भी आकस्मिकता से निपटने के लिए तैनाती योजनाओं को अंतिम रूप दिया गया है।