आग ने उजाड़ा कारोबार: दूसरे दिन भी सुलगती रहीं दुकानें, राख के ढेर में सामान तलाशते रहे दुकानदार
जम्मू के शिव मार्केट में भीषण आग से करीब 29 दुकानें जलकर राख हो गईं, कारोबारियों ने 50 से 60 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
विस्तार
रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट में आग लगने के दूसरे दिन बर्बादी का मंजर दिखाई दिया। कहीं दुकानों के जले ढांचे गिर रहे थे तो कहीं दुकानदार धुएं के बीच बचा सामान निकाल रहे थे। करीब 29 दुकानें आग की भेंट चढ़ गईं हैं। अंगारों के बीच जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम जारी रहा।
आग रविवार रात लगी थी। दमकल विभाग की गाड़ियां सोमवार सुबह पांच बजे तक आग बुझाने में जुटी रहीं। अभियान में 40 दमकल वाहन लगाए गए। ड्राई फ्रूट, शॉल-कंबल और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकानों के साथ वैष्णो भोजनालय को भी नुकसान पहुंचा। कारोबारियों ने 50 से 60 करोड़ के नुकसान का अनुमान जताया है, हालांकि आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
त्रिकुटा नगर थाना प्रभारी जयपाल शर्मा के अनुसार, पुलिस ने जांच की और प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट आया है। दूसरी ओर, मौके पर मौजूद लोगों ने दमकल की शुरुआती गाड़ियों में तकनीकी दिक्कतों और आग बुझाने की कार्रवाई में करीब डेढ़ घंटे की देरी का आरोप लगाया। आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द दुकानें दोबारा तैयार करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि त्योहारी सीजन के लिए अतिरिक्त माल मंगवाया गया था, लेकिन आग ने कारोबार को भारी नुकसान पहुंचाया।
दुकानों के पास मंदिर और होटल भी
शिव मार्केट में आग की चपेट में आई दुकानों के पास मंदिर है, जहां रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले श्रद्धालु आते-जाते हैं। कई होटल भी हैं। आग मंदिर से सटी दुकानों में लगी। आग दुकानों तक सीमित रहने से मंदिर और होटलों को नुकसान से बचाव रहा।
अधिकारियों ने लिया हालात का जायजा
आग की सूचना के बाद मंडल आयुक्त विकास कुंडल, उपायुक्त मिंगा शेरपा और चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रधान अरुण गुप्ता सहित कई प्रतिनिधि पहुंचे। विधायक बिक्रम रंधावा और कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने दौरा किया। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए नियमानुसार हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
आग लगने से ये दुकानदार प्रभावित
शिव मार्केट में आग से जलीं 29 दुकानों के प्रभावित दुकानदारों की सूची में कई ऐसे नाम हैं, जिनके नाम पर दो से तीन दुकानें हैं। प्रभावित दुकानदारों में संजीव गुप्ता, रवि शर्मा, तरलोक नाथ, आश्रय गुप्ता, मदन लाल शर्मा, गोपाल कृष्ण, मनमोहन गुप्ता, दर्शना रानी, शाम लाल गुप्ता, कुलदीप राज गुप्ता, हरि ओम मेहता, ज्योति गुप्ता, बोधराज, अंकुश गुप्ता, विजय कुमार गुप्ता, रूपाली गुप्ता, संतोष गुप्ता, मेजर दास शर्मा, इशान शर्मा और लेखराज शामिल हैं।
दमकल की गाड़ियों में दिक्कतों का आरोप
स्थानीय लोगों का दावा है कि पहली दमकल गाड़ी में पानी का दबाव नहीं बना, दूसरी गाड़ी खाली थी और तीसरी की पाइप फटी होने से पानी नहीं निकल पाया। उनके अनुसार, चौथी गाड़ी आने के बाद आग बुझाने का काम प्रभावी ढंग से शुरू हुआ। लोगों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई में करीब डेढ़ घंटे की देरी हुई। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।