चौथे दिन 14 हजार ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुहावने मौसम के बीच श्री अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। यात्रा के चौथे दिन कुल 13,936 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन किए। अब तक कुल 44,673 श्रद्धालु भव्य बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। पारंपरिक पहलगाम और बालटाल रूट से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है।
उधर, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ ने आन स्पाट पंजीकरण के लिए उमड़ी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सात जुलाई की यात्रा के लिए 4100 और आठ जुलाई के लिए 4550 स्लाट और जारी किए हैं। सीईओ के अनुसार उनकी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालुओं को समायोजित किया जा सके।
आन स्पाट पंजीकरण के स्लाट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर विभिन्न काउंटरों पर उपलब्ध होंगे। उन्होंने यात्रियों को अपील की है कि किसी भी समस्या से बचने के लिए वह पंजीकरण की निर्धारित तिथि पर ही यात्रा के लिए पहुंचे। आन स्पाट पंजीकरण के लिए जम्मू के केंद्रों पर यात्रियों की भारी भीड़ पहुंच रही है।
बढ़ाने के बाद भी कम पड़ा रहा कोटा
पंजीकरण के लिए कोटा बढ़ाने के बावजूद रोजाना सैकड़ों यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। जम्मू हाट काउंटर पर रविवार को श्रद्धालुओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। जम्मू हाट में भीड़ को देखते हुए आन स्पाट पंजीकरण के कोटे को आठ सौ से बढ़ाकर 1100 तक कर दिया गया।
इसके अलावा वैष्णवी धाम, सरस्वती धाम में भी करंट पंजीकरण के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लेकिन निर्धारित कोटा यात्रियों के लिए नाकाफी हो रहा है। आन स्पाट पंजीकरण केंद्रों पर उमड़ रही भारी भीड़ से भोलेनाथ के प्रति देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की आस्था का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस बीच जम्मू आधार शिविर भगवती नगर से रविवार को पांचवें जत्थे में 2219 यात्री बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना हुए। इसमें 1554 पुरुष, 488 महिलाएं, 27 बच्चे और 150 साधु शामिल रहे। जम्मू आधार शिविर से पिछले तीन जत्थों में लगातार दो हजार से ऊपर श्रद्धालु रवाना हो रहे हैं। यहां 13 हाल में 1500 यात्रियों को ही ठहराने की व्यवस्था है।