उधमपुर। करीब सप्ताह से शहर व आसपास के इलाकों में रोके गए ट्रकों को पुलिस ने रविवार शाम को घाटी की तरफ रवाना किया। छोड़े जाने के बाद ट्रकों के चालकों व सह चालकों ने राहत की सांस ली। जब सैकड़ों की संख्या में ट्रक एक साथ घाटी की तरफ रवाना हुए तो कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बनी।
गौरतलब है कि करीब सप्ताह पहले रामबन में पस्सियां गिरने के बाद राजमार्ग के बंद होने पर ट्रकों को उधमपुर में रोका गया था। राजमार्ग खुलने पर भी ट्रकों को घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने इनको उधमपुर के जखैनी, रठियान, संगूर, बट्टलबालियां, गरनई, टिकरी, मांड व अन्य कई इलाकों में रोक कर रखा था। सुविधाएं न मिलने पर ट्रक चालकों ने पुलिस व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था। रविवार को पुलिस ने सुबह के समय इनको जाने की अनुमति नहीं दी। अमरनाथ यात्रा से वापस लौट रहे वाहनों के गुजरने के दौरान कई यात्री वाहनों को भी जखैनी इलाके में रोक कर रखा गया। शाम के समय जब अमरनाथ यात्रियों के वाहन वापस लौट गए तो पुलिस ने पहले रोके गए यात्री वाहन घाटी की तरफ रवाना किया और फिर ट्रकों को जाने की अनुमति दी। आगे जाने की अनुमित मिलने के बाद ट्रकों के चालकों ने राहत की सांस ली। रात को भी रेंग रेंग कर ट्रक घाटी की तरफ रवाना होते नजर आ रहे थे।