उधमपुर। आदर्श कालोनी उधमपुर स्थित पार्क में मीरपुर बिरादरी की तरफ से सोमवार को शहीदी दिवस मनाया गया। इसमें बिरादरी के सदस्यों ने मिल कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर हवन यज्ञ का भी आयोजन किया गया।
सुबह करीब नौ बजे आचार्य यादवेंद्र स्वामी के दिशा निर्देश में वेद मंदिर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन यज्ञ में हिस्सा लेने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे और सबने बारी बारी से आहुति भी डाली। इसके बाद सुबह करीब दस बजे हवन यज्ञ की पूर्ण आहुति डाली गई। हवन यज्ञ के बाद सभी बिरादरी के सदस्य पार्क में एकजुट हुए और शहीदी स्मारक पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बिरादरी के सदस्यों ने बताया कि 1947 में कबाइलियों के रूप में पाकिस्तान ने मीरपुर में हमला कर दिया था और हजारों बेकसुर लोगों की हत्या कर दी थी। जब तक भारत की सेना पहुंचती तब तक कई लोगों ने अपनी जान गवा दी थी। आज सभी जवान गवाने वाले शहीदों की याद में बलिदास दिवस मनाया जा रहा है। मीरपुर आज भी पाक अधिकृत कश्मीर में मौजूद है। इस मौके पर अशोक कुमार, राकेश गुप्ता, पंकज, धर्मवीर गुप्ता, सुरेश, राजेश, बलराज व अन्य मौजूद थे।