उधमपुर। जेएंडके आरईटी टीचर्स फोरम की बैठक का आयोजन कृष्णा पैलेस में हुआ, जिसमें आरईटी शिक्षकों ने लंबित मांगों को लेकर चर्चा की और उप राज्यपाल से मांग की कि जल्द से जल्द मांगों को पूरा कर राहत प्रदान की जाए। इस मौके पर फोरम के राज्य प्रधान विनोद शर्मा विशेष तौर पर मौजूद थे।
विनोद शर्मा ने आरईटी शिक्षकों से कहा कि कुछ आरईटी शिक्षकों को करीब आठ महीने से वेतन नहीं जारी किया गया है। वेतन न मिलने के कारण सभी शिक्षक आर्थिक परेशानियों से जूझने को मजबूर हैं। उनके पास परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए राशि नहीं बची है। वेतन न मिलने के कारण दीपावली सहित सभी त्योहार आर्थिक परेशानियों से जूझते हुए मनाए हैं। फोरम की नवनियुक्त उप राज्यपाल अपील है कि उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जल्द वेतन जारी करवाया जाए। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने पांच वर्ष का अस्थायी कार्यकाल पूरा करने के बाद भी कई आरईटी शिक्षकों को स्थायी नहीं बनाया है। इन शिक्षकों की स्थायी बनाए जाने की फाइल शिक्षा निदेशक कार्यालय में कई वर्षों से पड़ी है। फोरम की मांग है कि जल्द से जल्द इन शिक्षकों को स्थायी बनाने का आदेश जारी किया जाए। सरकार ने अभी तक मिड-डे-मील की राशि का भी भुगतान नहीं किया है। राशि न मिलने के कारण शिक्षकों को मिड-डे-मील चलाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी आरईटी शिक्षकों से कहा कि अपनी लंबित मांगों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें। इस मौके पर लेखराज परिहार, सुखदेव सिंह, प्रीतम गोस्वामी, शाम शर्मा व अन्य मौजूद थे।