{"_id":"a532b126b953309c13dd6f34aed6275c","slug":"snow-on-the-mountain-tops-low-lying-areas-drizzle-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पर्वतीय चोटियों पर बर्फ गिरी, निचले इलाकों में बूंदाबांदी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पर्वतीय चोटियों पर बर्फ गिरी, निचले इलाकों में बूंदाबांदी
ब्यूरो/अमर उजाला, उध्ामपुर/चिनैनी
Updated Tue, 05 Jan 2016 01:28 AM IST
विज्ञापन
मौसम की करवट से पर्वतीय चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में बादल छाए रहे और बूंदाबांदी से ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में बूंदाबांदी के आसार जताए हैं।
विज्ञापन
बहरहाल, पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के आसार बन गए हैं। सुबह से ही मौसम के मिजाज पर आसमान में छाए बादलों का असर हावी हो गया। हवा में ठंडक बढ़ गई जो दिन चढ़ने के साथ साथ ठिठुरन बढ़ाती चली गई।
विज्ञापन
दिनभर सूरज बादलों की ओट में रहा। नतीजतन ठंडी बयार से जनजीवन को कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा। पर्वतीय इलाकों में स्योजधार, सिरोलीधार सहित आसपास के चोटी वाले इलाकों में बर्फ के फाहे गिरे।
विज्ञापन
बर्फ की चादर बिछने का सिलसिला केवल पर्वतीय चोटियाें तक ही सीमित रहा। पर्यटक स्थल पत्नीटाप और नत्थाटाप में देर शाम को बर्फबारी के आसार बन रहे थे। उधमपुर शहर सहित आसपास के इलाकों में दिन भर बादल छाए रहने से मौसम ने कंपकंपी छुड़ाई।
मौसम के असर से दिन के समय भी अलाव का सहारा लिया गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई दिनों से आसमान साफ रहने और धूप खिलने का क्रम सोमवार को पूरी तरह से टूट गया।
मौसम की ताजा करवट से कड़ाके की ठंड का दौर महसूस किया जा रहा है। चिनैनी इलाके में आसमान सुबह से ही बादलों से घिरा हुआ था। दोपहर को हल्की बारिश भी हुई जबकि शिवगढ़ धार, स्योजधार में बर्फ भी गिरी। हालांकि जिस तरह से ठंड में इजाफा हुआ, उससे तेज बारिश और नत्थाटाप, पत्नीटाप, जुगधार में बर्फबारी की उम्मीद बनने लगी।
देर शाम तक आसमान पर काले बादल और ठंडी हवाएं चलने का दौर जारी रहा। उधर, सोमवार को भी नत्थाटाप की चोटी पर बर्फ की सफेद चादर पर बर्फ का लुत्फ लेने के लिए काफी संख्या में सैलानी पहुंचे जो ठंड के चलते कुछ ही देर वहां रुक सके।