कटड़ा। धर्मनगरी के योगाश्रम परिसर में सनातन धर्म पथ परिषद का सम्मेलन हुआ। इसमें जम्मू कश्मीर के अलावा हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब आदि राज्यों के परिषद के वरिष्ठ सदस्य शामिल हुए। इसकी अध्यक्षता सनातन धर्म पथ परिषद पठानकोट के प्रधान राकेश् ाकुमार शास्त्री ने की।
इस मौके पर राकेश कुमार शास्त्री ने कहा कि वर्तमान में सनातन धर्म के प्रति जागरूकता लाने की अत्यंत आवश्यकता है क्योंकि देश में देशद्रोही ताकतें लगातार पनप रही हैं, जो समाज को खराब कर रही हैं। सम्मेलन में उपस्थित एकजुट जम्मू के प्रधान एडवोकेट अंकुर शर्मा ने कहा कि सनातन ही केवल धर्म है बाकी तो पंथ है। देश में संप्रदायिक दंगे चलाने वालों के प्रति सावधान रहने की जरूरत है, जिसको लेकर लोगों को एकजुट करना बहुत जरूरी है, वहीं सनातन धर्म पथ परिषद जिला उधमपुर और रियासी के प्रधान ज्योतिष शिरोमणि रामेश्वर समोत्रा ने कहा कि स्नातन धर्म पथ परिषद का मुख्य लक्ष्य लोगों को जागरूक करने के साथ ही समाज में पनप रही नशा और भेदभाव आदि कुरीतियों को मिटाना है। इस मौके पर डॉ. चंद्रमौली रैना, प्रधान सनातन धर्म पथ परिषद जम्मू कश्मीर, विश्वकुमार शास्त्री ज्योतिषाचार्य पठानकोट पंजाब, अतुल शर्मा प्रधान ब्राह्मण सभा जम्मू कश्मीर, किरण शर्मा, महासचिव ब्राह्मण सभा जम्मू कश्मीर, अवतार किशन सोनी, उप प्रधान ब्राह्मण सभा जम्मू कश्मीर सहित कई प्रांतों के करीब 500 सनातन धर्म पथ परिषद के सदस्य मौजूद थे।