उधमपुर। करीब दो सप्ताह से रोक कर रखे गए घाटी जाने वाले ट्रकों को शुक्रवार को दूसरे दिन भी घाटी की तरफ रवाना किया गया। जब सैकड़ों की संख्या में ट्रक राजमार्ग पर चलना शुरू हुए तो जाम की स्थिति पैदा हो गई। दिन भर राजमार्ग पर वाहन जाम में फंस कर रेंग रेंग कर घाटी की तरफ रवाना होते रहे।
गौरतलब है कि सुरक्षा कारणों के चलते करीब दो सप्ताह से पुलिस ने घाटी जाने वाले ट्रकों को उधमपुर व जम्मू के विभिन्न हिस्सों में रोक कर रखा था। रोके जाने के कारण ट्रक चालकों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा था और चालकों ने अपनी परेशानी को जिला प्रशासन के समक्ष भी रखा था। वीरवार को पुलिस ने रोके गए ट्रकों को घाटी की तरफ जाने की इजाजत दी थी। शुक्रवार को दूसरे दिन भी ट्रकों को घाटी की तरफ जाने की इजाजत मिली, लेकिन जब सैकड़ों की संख्या में रोके गए ट्रक एक साथ चलना शुरू हुए तो जाम की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद शाम तक राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। जाम में चिनैनी, किश्तवाड़, रामबन, डोडा व अन्य कई रूट पर चलने वाले वाहन भी फंस गए। इनमें सवार यात्री भी जाम के कारण दिन भर परेशान रहे। पुलिस को भी जाम को खुलवाने के लिए दिन भर कड़ी मशक्त करते हुए देखा गया। जाम में फंसे रहने के कारण यात्री व चालक अपनी मंजिल पर घंटों की देरी से पहुंचे।