Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Udhampur News ›   jammu kashmir news

Udhampur News: शहर की प्रमुख जगहों पर 18 मोबाइल दुकानें स्थापित की जाएंगी

विज्ञापन
jammu kashmir news
उधमपुर। शहर की सड़कों और प्रमुख बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ छोटे कारोबारियों और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए नगर परिषद उधमपुर ने एक अनूठी पहल की है। परिषद की ओर से शहर के प्रमुख स्थानों पर 18 मोबाइल दुकानें (शॉपिंग कियोस्क) स्थापित की जाएंगी। खास बात यह है कि ये दुकानें स्थायी ढांचे की तरह एक ही जगह पर नहीं रहेंगी, बल्कि पहियों पर तैयार की गई हैं। जरूरत पड़ने पर इन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर आसानी से ले जाया जा सकेगा। प्रत्येक दुकान की अनुमानित कीमत आठ से दस लाख रुपये बताई जा रही है।
विज्ञापन


नगर परिषद की योजना के तहत जखैनी, कल्लर-इंडस्ट्रीज एस्टेट और ओमाड़ा मोड़ सहित शहर के व्यस्त एवं व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर इन कियोस्क को स्थापित किया जाएगा। इनका मुख्य उद्देश्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर बेतरतीब ढंग से लगने वाली रेहड़ी-फड़ियों के बजाय कारोबारियों को निर्धारित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध करवाना है। इससे एक ओर शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और सुंदरता बनाए रखने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर छोटे कारोबारियों और बेरोजगार युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा।
विज्ञापन

अतिक्रमण हटने के बाद कारोबारियों को मिलेगा विकल्प

शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान धार रोड सहित कई इलाकों से अवैध ढांचे हटाए गए हैं। इससे छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हुआ है। ऐसे में मोबाइल शॉपिंग कियोस्क की योजना को छोटे कारोबारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में देखा जा रहा है। पहियों पर तैयार इन दुकानों को जरूरत और प्रशासनिक व्यवस्था के अनुसार एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करना आसान होगा। परिषद की योजना के अनुसार दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाएगी, ताकि लोगों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन

ऑनलाइन टेंडर और नीलामी से होगा आवंटन

नगर परिषद जल्द ही शॉपिंग कियोस्क के आवंटन के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी करने की तैयारी में है। इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे। आवंटन को पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन टेंडर और नीलामी का सहारा लिया जाएगा। स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता देने पर भी विचार किया जा रहा है। परिषद की योजना दुकानों का आवंटन दीर्घकालिक आधार पर करने की है, ताकि आवंटियों को अपना कारोबार स्थापित करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त समय और अवसर मिल सके। इससे छोटे कारोबारियों को लंबे समय तक व्यवसाय संचालित करने और अपने रोजगार को स्थायित्व देने में मदद मिलेगी। आवंटन की अवधि और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।
चाय-नाश्ते से लेकर रोजमर्रा के सामान तक की सुविधा

इन मोबाइल दुकानों में चाय-नाश्ता, खाद्य पदार्थ, मोबाइल रिचार्ज, स्टेशनरी और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ा सामान बेचने की अनुमति दिए जाने की योजना है। इससे शहर के प्रमुख स्थानों पर छोटी व्यावसायिक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप मिलेगा। वहीं, कियोस्क के आवंटन से नगर परिषद को नियमित राजस्व भी प्राप्त होगा, जिसका उपयोग सफाई, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जा सकेगा।
पारदर्शी आवंटन से ही सफल होगी पहल

नगर परिषद की इस पहल से बेरोजगार युवाओं और छोटे कारोबारियों में उम्मीद जगी है। हालांकि, योजना की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि आवंटन प्रक्रिया कितनी पारदर्शी रहती है और जरूरतमंद स्थानीय युवाओं को इसमें कितनी प्राथमिकता मिलती है। विनोद शर्मा, शेखर शर्मा, यशपाल, पवन देव सहित अन्य शहरवासियों का कहना है कि यदि मोबाइल दुकानों को सही स्थानों पर व्यवस्थित ढंग से स्थापित किया जाता है तो इससे स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ यात्रियों को भी खाने-पीने और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी।

कोट
परिषद की ओर से शॉपिंग कियोस्क तैयार किए गए हैं और जल्द ही इन्हें चयनित स्थानों पर स्थापित किया जाएगा। इसके बाद इनके आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य शहर में व्यवस्थित और साफ-सुथरे ईटिंग-कम-वेंडिंग पॉइंट विकसित करना है, ताकि लोगों को खाने-पीने की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ रेहड़ी-फड़ी के कारोबार को भी व्यवस्थित किया जा सके। इन शॉपिंग कियोस्क का आवंटन नगर परिषद की अन्य संपत्तियों की नीलामी के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के अनुरूप किया जाएगा।
- सद्दाम हुसैन, सीईओ, नगर परिषद उधमपुर
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed