किश्तवाड़। जिला उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा के निर्देश पर तहसीलदार प्रमोद कुमार की निगरानी में रविवार को प्रशासन ने नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी और कोविड उपयुक्त व्यवहार प्रवर्तन अभियान चलाया। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई।
कर निरीक्षक बहार अहमद गिरि के नेतृत्व में नगर निगम के अधिकारियों की टीम ने पुलिस दल के साथ तहसील कार्यालय से मलीपेठ किश्तवाड़ तक नगर क्षेत्र का दौरा किया और कई जगह अतिक्रमण हटवाया। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पैदल मार्ग पर मिले अतिक्रमण, रैक साइनबोर्ड आदि सामग्री भी जब्त कर एमसी किश्तवाड़ की देखरेख में रखा गया है। हालांकि बस स्टैंड क्षेत्र में फल, सब्जी रेहड़ी आदि नहीं मिली। वहीं बिना मास्क के मिले दुकानदारों व लोगों पर अभियान के दौरान प्रवर्तन दल ने जुर्माना भी लगाया। इसके अलावा खराब खाद्य सामग्री जिसमें मांस, चिकन, सब्जी को मौके पर ही नष्ट कराया गया। अफसरों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने को लेकर अभियान जारी रखेगा।