उधमपुर। शहर में धार रोड और पुराने राजमार्ग पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों की वजह से आए दिन जाम लगता है। इसे संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने बुधवार अभियान चलाकर ई-चालान काटा। इस दौरान पुलिस ने 15 से अधिक वाहनों के ई-चालान काटे। साथ ही लोगों को चेतावनी दी कि सड़क पर बेतरतीब वाहन न खड़ा करें। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
शहर में यातायात व्यवस्था अवैध पार्किंग की वजह से प्रभावित होता है। धार रोड और पुराने राजमार्ग पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती है और कई बार तो जाम को खुलवाने के लिए घंटों लग जाते हैं। जाम लगने का सबसे बड़ा कारण बेतरतरीब तरीके से खड़े किए जाने वाले वाहन हैं। कई लोग अपने वाहनों को सड़क के किनारे खड़ा करने के बजाए सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। इससे दूसरे वाहनों को चलने के लिए स्थान नहीं मिलता और फिर जाम की स्थिति बन जाती है। ट्रैफिक पुलिस की तरफ से पिछले कुछ दिनों से माइक के जरिए लोगों को चेतावनी दी जा रही थी, कि कोई भी सड़क पर अपने वाहनों को खड़ा न करे। इसके बावजूद लोग वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर रहे थे। इसी को लेकर डीएसपी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की तरफ बुधवार सुबह कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस की एक टीम ने जेके बैंक के बाहर, जिला अदालत के बाहर, डीसी कार्यालय के बाहर धार रोड पर कई वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ा पाया। इनके कारण बार बार जाम भी लग रहा था। पुलिस की टीम ने मौके पर ही इन वाहनों के ई-चालान काटे। वाहन के चालक को इसके बारे में मौके पर तो पता नहीं चला, लेकिन जल्द ही चालान की कॉपी चालक के घर पहुंच जाएगी। इसी तरह से पुराने राजमार्ग के किनारे पर भी चालान काटे गए। दोपहर तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने 15 से अधिक वाहनों के ई-चालान काटे हैं। पुलिस की एक टीम लोगों को समझा रही थी कि सड़क के दोनों किनारों पर एक सफेद लाइन लगाई गई है। वाहनों को सड़क के किनारे लाइन से बाहर खड़ा करना है। अगर किसी ने भी लाइन के अंदर सड़क पर वाहन को खड़ा किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के बाद धार रोड पर सुबह से शाम तक यातायात व्यवस्था में भी थोड़ा सुधार नजर आया।