उधमपुर। बारिश के बाद महिला कॉलेज की तरफ जाने वाली सड़क दलदल में बदल गई है। इसके चलते वीरवार को छात्राओं को कॉलेज पहुंचने तक काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बुधवार को हुई बारिश के बाद कॉलेज के बाहर सड़क पर काफी कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है। इससे छात्राएं दिन भर परेशान नजर आईं। कॉलेज जाने, और वापस आने के दौरान कई बार छात्राएं सड़क पर फिसलते-फिसलते बचीं। उनका कहना था कि प्रशासन की अनदेखी के कारण कॉलेज के बाहर सड़क की बुरी हालत हो गई है। काफी समय से पूरी सड़क गड्ढों से भरी पड़ी है। तारकोल भी पूरी तरह उखड़ चुका है। इसके बावजूद संबंधित विभाग ने सड़क की हालत में सुधार नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि आम दिनों में भी उन्हें गड्ढों के कारण सड़क से गुजरने में परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, बारिश के बाद कॉलेज के गेट के बाहर इस सड़क पर तालाब बन गया है। इससे उन्हें कॉलेज में प्रवेश करने और बाहर आने के दौरान भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। दोपहिया चालकों के लिए गिरकर जख्मी होने का जोखिम बढ़ गया है। प्रशासन को इस पर जल्द ध्यान देना चाहिए।