उधमपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति एवं केंद्र शासित प्रदेश बनने पर खुशी जताते हुए नगर में बाइक रैली निकालकर जश्न मनाया। भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अखिल पराशर के नेतृत्व में आयोजित रैली डाक बंगले से शुरू होकर दोमेल चौक, सलाथिया चौक, सैलां तालाब, चबूतरा बाजार होते हुए गोल मार्केट पहुंची। इस दौरान सभी युवाओं ने हाथों से तिरंगे सहित पार्टी का झंडा लहराते हुए और भारत माता की जयघोष लगाते हुए भाग लिया। पराशर ने कहा कि युवा मोर्चा इस तरह की बाइक रैलियां रामनगर और चिनैनी में भी निकालेगा। इसमें युवा वर्ग को स़मर्थन मिला है। इसके साथ ही उन्होंने एक देश, एक विधान एक संविधान लागू किए जाने पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का आभार जताया। कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का फैसला स्वागत योग्य है जो जम्मू कश्मीर और लद्दाख़ को उन्नति की और ले जाएगा। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाना एतिहासिक एवं निर्णायक फ़ैसला है जो जम्मू-कश्मीर के नागरिकों के साथ-साथ देश के अनेक नागरिकों के साथ न्याय करने वाला है। इसने देश के शीर्ष नेतृत्व ने सबका साथ सबका विकास और सब का विश्वास के अपने नारे को चरितार्थ किया है। बाइक रैली का नगर में अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर सनी कल्सोत्रा, गगन शर्मा, रॉकी, निर्वय बड़याल, कुलदीप कुमार, विकास, आदित्य परोच, विक्की, राजिंद्र, रोहित, संजय, आयुष, गौरव सहित अन्य युवा शामिल रहे।