उधमपुर। सड़क से गुजरते एक शख्स से औद्योगिक इकाई से धुएं के गुबार निकलते देख वीडियो बनाया। वीडियो को ट्वीट कर जिला उपायुक्त को टैग कर दिया। डीसी ने फौरन संज्ञान लिया और कुछ ही घंटे में जवाब दिया - टीम ने निरीक्षण किया है। इकाई को बंद करवा दिया गया है। अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर की गई शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है।
उधमपुर जिले में बिरमा पुल के बंद होने के बाद ग्रेफ के तैयार वैकल्पिक बैली पुल के माध्यम से ही वाहनों की आवाजाही चल रही है। अब मार्ग तनोड़ी इलाके से होकर गुजर रहा है। तनोड़ी में वर्षों से एक प्लांट चल रहा है, जिससे धुआं निकलता रहता है। इस प्रदूषण से राहगीरों को परेशानी पेश आती है। इसी को लेकर राकेश अंथाल नाम के व्यक्ति ने एक वीडियो बनाकर जिला उपायुक्त उधमपुर इंदु कंवल चिब को टैग कर दिया। शिकायतकर्ता ने लिखा, यह बिरमा पुल के नजदीक है। सैन्य क्षेत्र, रिहायशी इलाके के साथ यह ग्रीन जोन है, लेकिन यह प्लांट जहरीले धुएं से प्रदूषण फैला रही है। कुछ समय बाद डीसी ने ट्वीट किया, कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके कुछ घंटे बाद दूसरे ट्वीट में डीसी ने लिखा, इकाई का निरीक्षण किया गया है। प्लंाट पर काम बंद करवा दिया गया है और अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है।