{"_id":"6919c2c8dcf409fef5043390","slug":"the-families-of-those-killed-in-the-budgam-accident-will-receive-rs-6-lakh-2025-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"बडगाम हादसा: मृतकों के परिवार को मिलेंगे छह लाख और घायलों को एक लाख का मुआवजा, मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बडगाम हादसा: मृतकों के परिवार को मिलेंगे छह लाख और घायलों को एक लाख का मुआवजा, मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना
Sun, 16 Nov 2025 05:56 PM IST
निकिता गुप्ता
अमर उजाला नेटवर्क, श्रीनगर
अमर उजाला नेटवर्क, श्रीनगर
Published by: निकिता गुप्ता
Updated Sun, 16 Nov 2025 05:56 PM IST
सार
बडगाम के वाटरवानी-महावारा मार्ग पर सूमो और डंपर की टक्कर में चार लोगों की मौत और छह घायल हुए, जिसके बाद जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को छह लाख और घायलों को एक लाख रुपये की सहायता राशि घोषित की है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा और दुर्घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए।
विज्ञापन
बडगाम में शनिवार रात हुआ हादसा।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बडगाम जिला प्रशासन ने वाटरवानी-महावारा मार्ग पर एक सूमो और डंपर के बीच हुई सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन को छह लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों से संवेदना जताई है।
विज्ञापन
घायलों का श्रीनगर और बडगाम के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं इस हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शनिवार देर रात हुए हादसे के बाद रविवार सुबह जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री कार्यालय से एक्स पर संदेश जारी किया गया।
विज्ञापन
इसमें लिखा था मुख्यमंत्री ने बडगाम में हुए दुखद हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में कई लोगों की जान जाने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जाएगी।
विज्ञापन
रविवार दोपहर को बडगाम के उपायुक्त डॉ. बिलाल मोहिउद्दीन भट ने मृतकों के परिजन को छह लाख और घायलों को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया। जिला प्रशासन ने बहुमूल्य जीवन की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारीबडगाम पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। जिला प्रशासन ने यात्रियों से भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को रोकने के लिए यातायात सलाह और सड़क सुरक्षा मानदंडों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया है।