वहीद पारा को लेकर सरकार पर महबूबा का पारा हाई, बोलीं- केंद्र के सामने न झुकने वाले नेताओं का हो रहा दमन
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र के सामने न झुकने वाले नेताओं का सरकार दमन कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की युवा इकाई के अध्यक्ष वहीद रहमान पारा की गिरफ्तारी कश्मीर की स्थिति को बयां कर रही है।
पीडीपी अध्यक्ष ने कहा कि वहीद को पिछले वर्ष 25 नवंबर को आतंकी समूह हिजबुल मुजाहिद्दीन का समर्थन करने के लिए नवीद बाबू, डीएसपी दविंदर सिंह के साथ संबंधों जुड़ाव के लिए गिरफ्तार किया गया था। अपनी गिरफ्तारी के पहले नामांकन दाखिल करने वाले पारा पुलवामा से जिला विकास परिषद (डीडीसी) के लिए निर्वाचित हुए थे। डीडीसी सदस्य के तौर पर उन्होंने अब तक शपथ नहीं ली है। इस महीने की शुरुआत में एनआईए की एक अदालत ने पारा को जमानत दे दी थी लेकिन जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इन्सरजेंसी कश्मीर (सीआईके) शाखा द्वारा उन्हें हिरासत में लिया गया था।
मुफ्ती ने कहा, केंद्र सरकार द्वारा वहीद पर दमनात्मक कार्रवाई ऐसी स्थिति को बयां करती है जिसका सामना आज कश्मीरी नेता कर रहे हैं। संविधान में भरोसा रखने वाले लोगों पर भरोसा नहीं किया जा रहा और नहीं झुकने पर उन्हें सताया जा रहा है। मुफ्ती ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, डीडीसी के लिए नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद वहीद पारा को गिरफ्तार किया गया। वह ऐसे परिवार से हैं जिनके दादा तिरंगा झंडा फहराते थे, जब कई कश्मीरी ऐसा नहीं करते थे। राजनीति में वहीद की रुचि युवावस्था में शुरू हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, बचपन में वह स्थानीय विधायक के घर जाते थे और राजनीतिक बातचीत को सुनते थे।
यह भी पढ़ेंः रहस्यों से भरी 'जन्नत' में जमीन के अंदर है मंदिर, बेहद खूबसूरत हैं कश्मीर के ये स्थान
पारा की निगाहें न्याय व्यवस्था पर
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जिस व्यवस्था में पारा ने भरोसा किया, वह उनके खिलाफ प्रतिशोध के तहत काम कर रही है। महबूबा ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था युवा राजनेता की आखिरी उम्मीद अब न्याय प्रणाली पर टिकी हुई है और मुझे उम्मीद है कि सच्चाई के साथ न्याय और मजबूत होगा।
महबूबा के लिए पार्टी में बगावत दूर करना रहेगी चुनौती
महबूबा मुफ्ती बुधवार को साप्ताहिक दौरे पर जम्मू पहुंची। उनके लिए जम्मू संभाग में पार्टी नेताओं में बगावत और कई वरिष्ठ नेताओं के इस्तीफों से उत्पन्न हालात को दुरुस्त करना बड़ी चुनौती रहेगी। महबूबा मुफ्ती के बुधवार को जम्मू पहुंचते ही पार्टी के वरिष्ठ नेता महासचिव सुरेंद्र चौधरी, प्रवक्ता फिरदौस टाक ने उनसे मुलाकात की और जम्मू संभाग में सियासी हालात की उन्हें जानकारी दी। पार्टी नेताओं के अनुसार महबूबा मुफ्ती पार्टी नेताओं के अलावा प्रमुख कार्यकर्ताओं से जम्मू में 28 और 29 जनवरी को बैठक करेंगी।
इसके अलावा 30 जनवरी से महबूबा मुफ्ती राजोरी और पुंछ जिलों का दौरा भी करेंगी। वहां पर वह पार्टी नेताओं से बैठकें करेंगी और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
पीडीपी की जम्मू संभाग इकाई से इस्तीफा दे चुके और संभागीय नेतृत्व से नाराज चल रहे कई नेता भी महबूबा मुफ्ती से मुलाकात कर अपना पक्ष उनके समक्ष रख सकते हैं।