लेह-लद्दाख: चार दिसंबर को मतदान बढ़ाने की बड़ी तैयारी, कम वोटिंग वाले बूथों पर प्रशासन का खास फोकस
लद्दाख में चार दिसंबर को होने वाले एलएएचडीसी चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने सभी आठ जिलों के उपायुक्तों को विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
लद्दाख में 4 दिसंबर को होने वाले लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने सोमवार को सभी आठ जिलों के उपायुक्तों (डीसी) को मतदाता भागीदारी बढ़ाने के लिए जिलेवार विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
लेह स्थित सिविल सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में पहाड़ी परिषद चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस महानिदेशक आनंद जैन, मंडलायुक्त शुर्बीर सिंह, सूचना एवं जनसंपर्क सचिव बशीर उल हक चौधरी और लेह, कारगिल, जांस्कर, द्रास, संकू, शाम, चांगथांग व नुब्रा के उपायुक्तों सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मंडलायुक्त ने चुनाव तैयारियों मतदान प्रतिशत बढ़ाने के प्रयासों, बैलेट पेपर की छपाई और चुनाव ड्यूटी पर तैनात मतदान व पुलिस कर्मियों को मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने कहा कि एलएएचडीसी चुनाव संवेदनशील हैं और इनके आयोजन में किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने सभी जिलों में जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय करने और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
हाल ही में संपन्न पंचायत और नगर निकाय चुनावों में मतदान प्रतिशत की समीक्षा करते हुए कुंद्रा ने 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले सभी बूथों की पहचान करने, कम मतदान के कारणों का पता लगाने और उन्हें दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था करने और जरूरत पड़ने पर सहायक मतदान केंद्र स्थापित करने को कहा गया। इसके अलावा, ठंडे रेगिस्तानी क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर पर्याप्त हीटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान परेशानी न हो।
युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के साथ दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने धार्मिक संगठनों, प्रभावशाली लोगों और स्थानीय समुदायों को जागरूकता अभियानों से जोड़ने तथा चुनावों के लिए मतगणना कार्यक्रम जल्द तय करने के निर्देश दिए।
21 नवंबर को संपन्न लद्दाख के पंचायत और नगर निकाय चुनावों में कम से कम 70.03 प्रतिशत और 52.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब प्रशासन का लक्ष्य 4 दिसंबर के एलएएचडीसी चुनाव में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
