बडगाम आतंकी हमला: शहीद एसपीओ और उनके भाई की अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब
बड़गाम में आतंकी हमले में एसपीओ और उनके भाई की मौत हो गई। रविवार को दोनों की अंतिम विदाई में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। आतंकियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
विस्तार
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में हुए आतंकी हमले में एक स्पेशल पुलिस अफसर (एसपीओ) और उनके भाई की मौत हो गई। रविवार को दोनों की अंतिम विदाई के मौके पर हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान सभी की आंखों में पानी और चेहरे पर मायूसी थी। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग दोनों भाईयों के आखिरी दीदार के लिए आए हुए थे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
शनिवार को आतंकियों ने दोनों भाइयों पर घर में घुस कर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इसमें गंभीर रूप से घायल एसपीओ इश्फाक अहमद डार (26) शनिवार को शहीद हो गए। वहीं, एसपीओ के भाई उमर अहमद डार (23) ने स्किम्स अस्पताल में रविवार को दम तोड़ दिया। हमले के बाद खून से लथपथ होकर दोनों के जमीन पर गिरने के बाद आतंकी मौके से भाग निकले थे। घटना के तत्काल बाद पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आतंकियों की तलाश की जा रही है।
उपराज्यपाल ने शहीद एसपीओ के परिवार के प्रति संवेदना जताई
वहीं, घटना को लेकर दुख व्यक्त करते हुए प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि कायरतापूर्ण कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। आतंकियों और उनके समर्थकों को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। घटना में शहीद हुए एसपीओ के परिवार के प्रति पूरी सहानुभूति है।