पुंछ। प्राचीन सुथरा बावली शिवालय मंदिर में चोरों ने बुधवार को तड़के चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का दानपात्र तोड़कर उसमें से हजारों रुपये चुरा ले गए। इस वारदात से आसपास के क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने चोरों को जल्द पकड़ कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
चोरी की यह वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है, लेकिन मंदिर के बाहर अंधेरा होने के कारण चोरों की पहचान नहीं हो पाई। केवल यह पता चल पाया है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो लोग हैं। उधर मंदिर में चोरी होने का पता चलने पर पुलिस और फॉरेंसिक लैब के सदस्यों ने घटना स्थल पर जांच करने के साथ ही मंदिर के अंदर और बाहर के दरवाजों एवं फर्श से फिंगर प्रिंट एकत्र किए। मंदिर में हुई चोरी की वारदात से खफा मोहल्ला निवासियों नवनीत डाबर, राजीव शर्मा, विकास शर्मा आदि का आरोप है कि जिले में मंदिरों सहित सभी धार्मिक स्थलों पर चोरी की वारदातों में दिन प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में पुलिस को ऐसा अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। इन लोगों ने नगर पालिका और बिजली विभाग के प्रति रोष प्रकट करते हुए आरोप लगाया कि एक तो नगर में अधिकतर समय बिजली बंद रहती है। दूसरा नगर पालिका की तरफ से नगर में सभी स्थानों पर प्रकाश की उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते अंधेरे का लाभ उठा कर चोर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।