श्रीनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: लश्कर-ए-तैयबा नेटवर्क का भंडाफोड़, दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत पांच गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के एक अंतरराज्यीय आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर 16 साल से फरार दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला था और आतंकियों को हथियार, फर्जी दस्तावेज, फंडिंग और ठिकाने मुहैया कराता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा के अंतरराज्यीय आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 16 साल से फरार चल रहा पाकिस्तानी आतंकी अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा भी शामिल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब्दुल्ला के साथ एक अन्य पाकिस्तानी आतंकी उस्मान उर्फ खुबैब को भी गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों आतंकी लंबे समय से कश्मीर घाटी और देश के अन्य हिस्सों में सक्रिय थे और फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपनी पहचान छिपाकर नेटवर्क चला रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा समेत 19 जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई, जिसमें AK-47 राइफल, पिस्टल, हैंड ग्रेनेड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांच लोगों में श्रीनगर के तीन स्थानीय निवासी भी शामिल हैं, जो आतंकियों को पनाह, खाना और अन्य लॉजिस्टिक सहायता मुहैया करा रहे थे।
जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क काफी गहराई तक फैला हुआ था और आतंकियों को वित्तीय मदद, ठिकाने और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराता था। अधिकारियों के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए कुछ आतंकियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर देश से बाहर यात्रा भी की।
पुलिस का कहना है कि ये आतंकी करीब 16 साल पहले भारत में घुसे थे और इस दौरान उन्होंने लगभग 40 विदेशी आतंकियों को हैंडल किया। इनमें से ज्यादातर को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।