पुंछ। उपायुक्त इंद्रजीत ने बुधवार को पुंछ से दिल्ली भारत दर्शन यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। भारत दर्शन पर जाने वाले 30 दिव्यांग हैं। जिन्हें दिल्ली में कृत्रिम अंग लगवाने के साथ ही दिल्ली के आसपास के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों पर भी ले जाया जाएगा।
बुधवार सुबह उपायुक्त कार्यालय पर सामाजिक संगठन प्रीतम ट्रस्ट की तरफ से विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें संगठन के पदाधिकारियों गण्यमान्य नागरिकों और पाकिस्तानी गोलाबारी, आतंकवाद और बारूदी सुरंगों में अपने अंग गंवा चुके 30 लोगों ने भाग लिया। समारोह में उपायुक्त इंद्रजीत मुख्य अतिथि रहे और दिव्यांगों से उन्हें भारत दर्शन का लाभ उठाने का आग्रह करते हुए प्रीतम ट्रस्ट के इस कार्य की सराहना करते हुए ऐसे कार्य में जिला प्रशासन की तरफ से हर प्रकार का सहयोग करने का आश्वासन दिया। समूह में 8 लड़कियां और 22 पुरुष शामिल हैं। संवाद