कठुआ। आम जनता के साथ अपने संबंध को और विस्तार देने के लिए नगरी पुलिस चौकी अधिकार क्षेत्र के गांव फ्लोट में पुलिस कम्यूनिटी पार्टनरशिप ग्रुप की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान एसएसपी रमेश चंद्र कोतवाल ने आम लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान महिलाओं ने क्षेत्र में नशीले पदार्थों के बढ़ते कारोबार के साथ अवैध शराब को पूरी तरह से बंद करने की मांग उठाई। महिलाओं ने कहा कि युवाओं के बीच नशीली दवाओं के प्रसार से लोगों के घर तबाही की ओर जा रहे हैं।
वहीं लोगों ने सड़क पर बने स्पीड ब्रेकरों के का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सुरक्षा के नाम पर जहां भी स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं, रोशनी की कोई व्यवस्था नही है। ऐसे में रात के समय तेज गति से आने वाले स्पीड ब्रेकरों के कारण दुर्घटना का शिकार हो जाते है। वहीं इस मौके पर शाम नारायण मेहता ने कहा कि क्षेत्र में गेंहू की फसल पकने के बाद पड़ोसी राज्यों से थ्रेशिंग करने के लिए मशीनें आती हैं। जिन्हें हर साल जांच के नाम पर पुलिस द्वारा रोका जाता है। इससे किसानों का काम प्रभावित होता है। लिहाजा लखनपुर के साथ कठुआ के अन्य मार्गों से आने वाले वाहनों को न रोका जाए। एसएसपी ने लोगों की समस्याएं सुनने के बाद कहा कि उनकी जायज शिकायतों को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। इस मौके पर सरपंच फ्लोट, देवेंद्र कुमार, सरपंच सुमवां सोम राज, सरपंच पडियारी कमल किशोर, सरपंच पल्ली यशपाल, सरपंच त्रियाड़ा जगदीश पुनिया के अलावा राजकुमार, मदन लाल, करमदीप चोपड़ा आदि मौजूद रहे।