कठुआ। वर्षों से खस्ताहाल सड़क पर जान जोखिम में डाल रहे आवागमन कर रहे हटली क्षेत्र के लोगों के सब्र का बांध अब टूट गया है। उन्होंने सड़क का निर्माण 31 मार्च से पूर्व शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। सोमवार को डीसी कार्यालय पहुंचे क्षेत्र के लोगों ने एडीसी कठुआ अतुल गुप्ता और जिला विकास परिषद के चेयरमैन महान सिंह से मिलकर सड़क बनाने की मांग की।
ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे हटली गांव के सरपंच भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 में डोल खड्ड से गुनी गांव तक 17 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए जेकेपीसीसी द्वारा कार्रवाई शुरू की गई थी। इस दौरान विस्तारीकरण की प्रक्रिया के तहत 36 करोड़ से बनने वाली सड़क को बनाने के बजाय सिर्फ बर्बाद किया गया। क्योंकि जहां पर थोड़ी बहुत सड़क थी उसे भी नई बनाने के नाम पर खोद दिया गया। हालत यह है कि इलाके की 9 पंचायतों के लोगों के लिए पिछले 5 सालों से गड्ढे में तब्दील सड़क से मजबूरी में आवागमन कर रहे हें। बारिश के दिनों में इस मार्ग से लोगों का गुजरना एकदम मुश्किल हो जाता है। ऐसी अवस्था में कई बार मरीजों को बहुत परेशानी झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के बाबत दर्जनों बार प्रशासन के साथ-साथ सांसद और विधायक तक को अवगत कराया जा चुका है। लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन के सिवा और कुछ नहीं मिला है। आज भी इलाके के लोगों को एडीसी ने बताया है कि सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने में अक्षम रहने वाले ठेकेदार के ठेके को निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा नए ठेके को जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जो 31 मार्च से पूर्व पूरी कर ली जाएगी और उसके साथ ही सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा। सरपंच ने चेतावनी दी कि अगर इस बार भी उनके साथ किसी तरह का छल किया जाता है, तो 31 मार्च के बाद वह लोग इसके खिलाफ डीसी कार्यालय में आकर धरना लगाकर बैठ जाएंगे। इस मौके पर संजीव कुमार, हुकुम चंद, जगदीश सिंह, रोमेश सिंह, बलबीर सिंह, देस राज, प्रेम सिंह, ध्यान सिंह, अर्जुन सिंह, दीक्षित शर्मा आदि उपस्थित रहे।