कठुआ। फिरोजपुर डिवीजन के अधीन कठुआ रेलवे यार्ड में पुल नंबर 31 की पुरानी और खराब हो चुकी स्लैब को आखिरकार बदल लिया गया है। रेलवे की ओर से नौ घंटे के रिकार्ड समय में इसे बदलने का काम पूरा कर लिया गया। रेलवे अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के आपदा में अवसर के आह्वान को सफल करने का प्रयास बताया है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से लगातार पुल नंबर 31 के स्लैब बदलने को लेकर जरूरत महसूस हो रही थी। पुराने होने के साथ ही यह खराब भी होते जा रहे थे। लेकिन रूटीन रेल सेवा जारी रहने से नौ घंटें लंबा ब्लॉक हासिल करना मुनासिब नहीं हो रहा था। ऐसे में हड़ताल के चलते प्रभावित हुए रेल यातायात के दौरान इसे आपदा में अवसर ही कहेंगे कि काम को पूरा कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि शार्ट टर्म नोटिस में काम को अंजाम दिया गया। जिसमें तीन हाइड्रा, दो जेसीबी, ड्रिलिंग मशीन के साथ-साथ मैनपॉवर का इस्तेमाल कर नौ घंटे की अवधि में ही इसे पूरा कर लिया गया है। बताया कि रेल यातायात बंद रहने की अवधि में रेलवे की ओर से अन्य मरम्मत कार्यों को भी अंजाम दिया जा रहा है।