हीरानगर। हाईवे किनारे सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग के कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दियालाचक में एक बैंक के बाहर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किए जाने के कारण आम लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। त्योहारी मौसम में इस तरह की अवैध पार्किंग से दुकानदारों को भी नुकसान हो रहा है।
परमजीत सिंह ने कहा हाईवे किनारे हर जगह बनी सर्विस लेन लोगों के चलने लिए कम और पार्किंग के लिए ज्यादा इस्तेमाल हो रही है। लोगों को जहां जगह मिल रही है, वाहन आड़ा तिरछा लगा कर चले जाते हैं। जिसकी वजह से यहां से वाहन लेकर गुजरने के लिए कई बार जाम में फंसना पड़ता है। उन्होंने कहा कई लोग तो वाहन से वाहन जोड़कर इस तरह से पार्किंग करते हैं कि फुटपाथ पर चलना भी मुश्किल हो जाता है। इस तरह से अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। संजीव कुमार ने कहा दियालाचक में एक बैंक के बाहर इस तरह से अवैध पार्किंग होती है कि यहां से वाहन लेकर गुजरने की बजाय वापस मुड़ना पड़ता है। बैंक में जाने वाले लोग बाइक और कार बाहर बेतरतीब ढंग से लगाकर चले जाते हैं। जिससे वाहन चालकों को तो परेशानी होती ही है, लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा दुकानों के आगे बेतरतीब ढंग से पार्किंग की वजह से ग्राहक भी दुकानों तक नहीं पहुंचते हैं, इससे दुकानदारों को भी काफी नुकसान हो रहा है। लोगों ने यातायात विभाग से अपील की कि सर्विस लेन को खाली कराने के लिए अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई की जाए।