कठुआ/ बनी। मई महीने के पहले पखवाड़े के आखिरी दिन जिले में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। मैदानों में जहां पारा 41 डिग्री के पार हुआ वहीं पहाड़ी इलाकों में भी पारे में उछाल देखने को मिला। कठुआ, हीरानगर के इलाकों में लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल किया तो वहीं दोपहर बाद बनी सब डिवीजन के इलाकों में बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। शाम साढ़े छह बजे तक मैदानी इलाकों में भी तेज हवाएं चलने का दौर शुरू हो गया।
जिले का पहाड़ी इलाका बनी ठंडे और सुहावने मौसम के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार मौसम ने करवट बदल ली है। वीरवार को यहां का तापमान सामान्य से कहीं अधिक दर्ज किया गया है। 32 डिग्री सेल्सियस पहुंचने पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी गर्मी का अहसास हुआ। एकाएक गर्मी बढ़ने के बाद दोपहर के समय फिर मौसम ने करवट ले ली। तेज बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। उधर, कठुआ और हीरानगर के इलाकों में लू चलने से दिन के समय सड़कों पर आम दिनों के मुकाबले कम लोग दिखाई दिए। जरूरी काम से जाने के लिए ही लोग दोपहर के समय बाहर निकल रहे हैं।