रामकोट। तहसील की पंचायत मकवाल के वार्ड 9 में राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रामकोट से धन्नी इलाके तक बुधवार को सड़क का प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत सर्वे किया गया। लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का सर्वे होने के बाद स्थानीय लोगों में खुशी है। मौके पर विभाग के कर्मचारियों के साथ 50 से अधिक लोगों ने मिठाई बांटकर इसकी खुशी जाहिर भी की।
सड़क के निर्माण कार्य से वार्ड 9 के 800 से अधिक लोगों को आवागमन में सुविधा मिल पाएगी। स्थानीय सेवानिवृत्त कैप्टन रामेश्वर सिंह ने बताया कि बीते कई वर्षों से लोग सड़क के अभाव में पिछड़ा जीवन जीने को मजबूर थे। वाहनों का आवागमन इलाके तक संभव नहीं है। बताया कि विशेष कर धार मुख्य सड़क और तहसील मुख्यालय रामकोट से यह इलाका मात्र 1 किलोमीटर से भी कम की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद लोगों को सड़क और पुल के अभाव में आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि नौनिहालों को स्कूल तक पहुंचाने के लिए अभिभावक उन्हें अपने कंधों पर उठाकर प्रिया नाला पार करवा के स्कूल तक पहुंचाते हैं। वरिष्ठ नागरिक नरसिंह देव सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से बनाए जा रहे निर्माण कार्य के सर्वे के अंतर्गत इसमें प्रिया नाले पर पुल के साथ यह सड़क गुरगाडा के साथ खराडी, पलंग और अंत में धन्नी इलाके में जाकर खत्म होगी। अब सड़क के निर्माण के सर्वे से लोगों में खुशी है। इसके लिए स्थानीय लोगों में नरसिंह देव सिंह, नजीर अहमद, राम चंद, इंद्र सिंह, बलबीर कुमार, सुलेमान आदि लोगों ने विधायक सतीश कुमार का भी आभार व्यक्त किया और जल्द सड़क के निर्माण कार्य के अंतर्गत सड़क को पक्का करने की मांग रखी