हीरानगर। एसडीएम फुलेल सिंह ने मंगलवार को सीमावर्ती लौंडी, शेरपुर, पंज ग्राइं आदि गांव का दौरा किया। उन्होंने बिजली, पानी, बंकर और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उनके साथ बीडीओ, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में उन्हें अवगत कराया। किसानों ने तारबंदी के नजदीक गेहूं की कटाई के लिए पर्याप्त मजदूर या कंबाइन न मिलने की समस्या रखी। मांग की कि फसल कटाई में प्रशासन उनकी सहायता करे। इस पर एसडीएम ने कृषि विभाग के अधिकारियों को अतिरिक्त कंबाइन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए ताकि फसल की कटाई का काम जल्द पूरा हो सके।
इसी दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत बनाए जा रहे ओवरहेड टैंक और ट्यूबवेलों का काम जल्द पूरा करने के निर्देश ठेकेदारों को भी दिए। उन्होंने कहा, ठेकेदार तय समय में अपना काम पूरा करें ताकि लोगों को जल्द पेयजल सुविधा मिल सके। उन्होंने बीएसएफ की तपन पोस्ट पर बीएसएफ के अधिकारियों से भी बैठक की।