हाईवे जाम कर किया नोटबंदी का विरोध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट बंद करने से लोगों को हो रही परेशानियों और जम्मू में वाहन से पुराने नोटाें को ले जाने के मामले में भाजपा नेता का नाम आने पर नाम सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कांग्रेसियों ने हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को लगभग एक घंटे से अधिक समय तक जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में शामिल प्रदेश कांग्रेस के संगठन सचिव पंकज डोगरा ने कहा कि यह प्रदर्शन लोगों को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए था।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से गत दिवस जम्मू में मंत्रियों की गाड़ी से पुराने नोट मिल रहे हैं और आए दिन जो घोटाले सामने आ रहे हैं, यह शर्मनाक बात है। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को चाहिए कि उन सब मंत्रियों का नाम सार्वजनिक कर, उन्हें बर्खास्त करें। यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो राष्ट्रपति से गुहार लगाएंगे कि वह इस मामले का कड़ा संज्ञान लेकर सरकार को बर्खास्त कर राज्य में राज्यपाल शासन लागू करें। उन्होंने कहा कि देश भर में नोटबंदी कर प्रधानमंत्री ने देश को लालटेन युग की तरफ बढ़ाया है।
केंद्र सरकार ने जो फासीवाद चलाया है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश को प्रधानमंत्री यह बताएं कि किस देश में ऐसा कानून है कि अपने ही पैसे अपने खाते से नहीं निकाल सकते हैं। आज देश में लोग मर रहे हैं, लेकिन भाजपा प्रधानमंत्री का महिमा मंडन करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक अराजकता के दौरान जिनकी मौत हुई है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और उनके परिवारों के साथ पूर्ण रूप से हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रजनीश शर्मा, नरेश शर्मा, पंकज शर्मा, निर्दोष शर्मा मौजूद रहे।