कठुआ। शनिवार को जिले में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया। वहीं, शाम के समय मैदानों में धूल भरी आंधी चली और पहाड़ी इलाकों में भारी ओलावृष्टि दर्ज की गई है। आंधी चलने से वार्ड सात में एक दीवार गिर गई। उधर, डुग्गन ब्लाक के ढ़ग्गर में शनिवार दोपहर भारी ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से क्षेत्र में बागवानी और सब्जी की खेती को नुकसान पहुंचा है। डुग्गन में मुख्य रूप से अखरोट, सेब, आलु बुखारा, खुबानी की पैदावार होती है, जिसे ओलावृष्टि ने नुकसान पहुंचाया है।
कठुआ शहर में शाम के समय चली तेज आंधी के बीच वार्ड सात में एक परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। स्थानीय निवासी जमाल ने बताया कि दो तीन महीने से दीवार की हालत खराब थी, जो उनके घर से सटी हुई थी। यह दीवार एक निजी अस्पताल की थी, जो अब बैंक के कब्जे में है। बैंक के प्रतिनिधियों को अवगत करवाया गया, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते शाम को दीवार जोरदार आवाज के साथ गिर गई। दीवार की जद में आने से चार मोटरसाइकिल, एक पंखा और एक चारपाई क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने मांग की है कि दीवार जल्द से जल्द खड़ी की जाए और नुकसान का मुआवजा उन्हें दिया जाए। वहीं कठुआ जिले के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के चलते बिजली लाइनों को क्षति पहुंची है। बिजली विभाग की टीमें फाल्ट ठीक कर बिजली बहाली में देर रात तक जुटी रही।