कठुआ। कोरोना मामलों में कमी आने के बाद सरकार के निर्देश पर खुले स्कूलों में व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए जिला के मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रकाश लाल थापा ने जिला के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था के साथ कोविड नियमों के पालन की जांच की।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने हायर सेकेंडरी स्कूल बुद्धि, हाई स्कूल भल्लड़, मिडिल स्कूल मेरथ, मिडिल स्कूल नन्नन, प्राइमरी स्कूल दबवाल, गर्ल्स मिडिल स्कूल बुद्धि और हाई स्कूल पार्लियावंड में कोविड एसओपी व्यवहार को बनाए रखने के लिए किए इंतजामों का निरीक्षण करने के साथ कर्मचारियों की उपस्थिति, स्टोर स्टॉक, पुस्तकालय, आईसीटी लैब, सोलर पैनल, मिड डे मील विवरण, समग्र शिक्षा अनुदान उपयोग, संस्था की चेकेड कैश बुक व समय पालन की जांच की। उन्होंने आधारशिला वेब पोर्टल पर विद्यालय के आंकड़ों के दर्ज स्थिति का सत्यापन, उच्च अधिकारियों द्वारा समयबद्ध तरीके से प्रदान किए गए गूगल लिंक पर दैनिक उपस्थिति भरना और अधिकांश विद्यालयों में संतोषजनक और आवश्यक पाया। इस मौके पर उन्होंने हायर सेकेंडरी स्कूल बुद्धि में आईसीटी लैब के लिए नए कमरे का उद्घाटन करने के अलावा स्कूल के नए भवन के निर्माण का भी निरीक्षण किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों को छात्रों के कल्याण के लिए अधिक कुशलतापूर्वक और प्रभावी ढंग से काम करने के लिए प्रेरित किया ताकि गतिविधि आधारित शिक्षण प्रदान करने के लिए शिक्षण तंत्र को बढ़ाया जा सके।