कठुआ। हर साल की तरह मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव पर होने वाले कार्यक्रम का आगाज करने के लिए शहर के वार्ड 6 स्थित गोपाल आश्रम में अखंड दीप प्रज्ज्वलित की गई। चैत्र प्रतिपदा पर होने वाले इस कार्यक्रम में रामनवमी उत्सव कमेटी के सदस्यों के अलावा काफी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर भगवान श्री राम का जयघोष कर अखंड दीप प्रज्ज्वलित किया।
रामनवमी उत्सव कमेटी के जिला प्रधान विद्यासागर शर्मा ने कहा कि कोरोना के कारण विगत दो सालों से भगवान का जन्मोत्सव सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए शहर में नही हुआ था। लेकिन इस बार इस पर्व को धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 36 वर्षों से शहर में होने वाले भगवान के जन्मोत्सव कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हो गया है। जिसको लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।10 अप्रैल को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों की सहभागिता को सुनिश्चित बनाने का प्रयास भी किया जा रहा है। इसके लिए आज से हर वार्ड व आसपास के गांवों में प्रतिदिन सुबह प्रभातफेरी निकालने का क्रम शुरू हो जाएगा। रामनवमी के दिन रामलीला मैदान में हवन और संकीर्तन का किया जाएगा। दोपहर 1 बजे मुखर्जी चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा कॉलेज रोड से होती हुई शहीदी चौक, डीसी ऑफिस, कालीबाड़ी, राष्ट्रीय राजमार्ग से होती हुई नया बस स्टैंड, पारलीवंड, जराई चौक से होती हुई वापस मुखर्जी चौक में संपन्न होगी। इस मौके पर कैप्टन ज्ञान सिंह पठानिया, विहिप जिला प्रधान जाट राम शर्मा, दिवाकर शर्मा, डॉ दुष्यंत उब्बट, कैप्टन मदन सिंह, जगदीश लाल अंदोत्रो नेत्र शर्मा शर्मा , मास्टर अमरनाथ शर्मा, देवेंद्र अमित सुंदन आदि उपस्थित रहे।