{"_id":"caa81514-7677-11e2-8deb-d4ae52bc57c2","slug":"kashmir-limping-back-to-normalcy-after-afzal-gurus-hanging","type":"story","status":"publish","title_hn":"घाटी में सुधर रहे हालात, कर्फ्यू में ढील","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
घाटी में सुधर रहे हालात, कर्फ्यू में ढील
श्रीनगर/ब्यूरो
Updated Thu, 14 Feb 2013 12:56 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संसद पर हमले के मास्टर माइंड अफजल गुरु को फांसी के बाद कश्मीर संभाग में स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है। हालांकि घाटी के 10 कस्बों में अभी भी कर्फ्यू लगा हुआ है, वहां कर्फ्यू में चरणबद्ध ढंग से ढील दी जा रही है।
विज्ञापन
बुधवार शाम तक श्रीनगर शहर के 11 पुलिस थाना क्षेत्रों तथा हिंसा का केंद्र रहे बारामुला जिले के सोपोर तथा बारामुला थाने के इलाकों में ढील दी गई थी। इस दौरान शांति बनी रही।
विज्ञापन
हालांकि, कुछ क्षेत्रों में युवकों ने पथराव का प्रयास किया, पर सुरक्षा बलों ने उन्हें खदेड़ दिया। प्रशासन ने हालात में सुधार का दावा किया है। डिवीजन के सभी दस जिलों के जिलाधीशों ने कर्मचारियों को गुरुवार से अपने कार्यालयों में हाजिर होने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में कर्मचारियों के पहचान पत्रों को कर्फ्यू पास मानने की हिदायत सुरक्षा बलों को दी गई है।
विज्ञापन
आतंकी अफजल गुरु को फांसी के बाद समूचे कश्मीर में प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ा था। चार दिन बाद मंगलवार से कर्फ्यू में कुछ घंटे की ढील देना शुरू किया गया है। प्रशासन की ओर से हर दिन सुबह और शाम रूटीन में दो बार हालात की समीक्षा की जाती है। हालात में सुधार के संकेत मिलने के चलते बुधवार को प्रशासन ने बारामुला सहित कुछ और जिलों में भी कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया।
पुलिस प्रवक्ता ने शाम को बताया कि श्रीनगर जिले के राजबाग, लाल बाजार, कोठीबाग, सदर, नगीन, आरएम बाग, जकूरा, पंथा चौक, बेमिना, नौगाम तथा पारीमपोरा समेत कुल 11 पुलिस थाना इलाकों में सुबह 9 बजे से ढील देने का क्रम शुरू किया गया था। हालात सामान्य रहने के कारण इस ढील की समय सीमा को शाम तक बढ़ाया जाता रहा।
सबसे अधिक हिंसा का शिकार रहे बारामुला जिले के बारामुला तथा सोपोर पुलिस थानों के अधीन वाले कुछ इलाकों में भी शाम को 4 बजे से 6 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई। इसके अलावा बड़गाम जिले के कुपवाड़ा, करालपोरा, सोगाम तथा लाल पोरा पुलिस थाना क्षेत्रों में सुबह 10 से 12 बजे तथा पुलवामा जिले के काकापोरा, लासीपोरा, राजपोरा पुलिस थाना क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से तथा अवंतीवोरा पुलिस थाने में सुबह 10 बजे से लेकर कर्फ्यू में ढील को बढ़ाते रहने का क्रम शाम तक जारी रखा गया।
शोपियां, कुलगाम तथा कुछ अन्य जिलों से भी स्थानीय प्रशासन द्वारा कर्फ्यू में ढील देने की जानकारी मिली। समूचे कश्मीर में चरणबद्ध तरीके से कर्फ्यू में दी गई ढील के दौरान कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।