नेतृत्व बदलने की बात करने वाले भाजपा MLA के खिलाफ एक्शन की तैयारी
उपचुनावों में भाजपा को मिली करारी हार को लेकर बयानबाजी करने वाले एक भाजपा विधायक के खिलाफ संगठन एक्शन की तैयारी कर रहा है।
राजस्थान में हाल में संपन्न लोकसभा की दो और विधानसभा की एक सीट पर सत्ताधारी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद पार्टी में चल रही अंदरुनी कलह भी सामने आने लगी है। खासकर अलवर इन दिनों राजनीति का अखाड़ा बना हुआ है।
यहां पर श्रम मंत्री और लोकसभा चुनाव में हार चुके जसंवत सिंह तथा रामगढ़ से भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा के बीच इन दिनों जमकर बयानबाजी हो रही है। अक्सर विवादों में रहने वाले विधायक ज्ञानदेव आहूजा का एक कथित आॅडियो भी पिछले दिनों वायरल हुआ है जिसमें वे एक कार्यकर्ता से कहते सुनाई दे रहे है सीएम राजे और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी को नहीं बदला तो हालत बुरी होगी। यह वीडियो चुनाव से पहले का है।
केंद्रीय अनुशासन समिति से होगी शिकायत
ज्ञानदेव आहूजा के नेतृत्व बदलने वाले बयान और उसके बाद श्रम मंत्री जसवंत यादव के साथ चल रहे विवाद को संगठन ने गंभीरता से लिया है।
संगठन के नेताओं ने उन्हें बयानबाजी बंद करने की चेतावनी दी है। साथ ही इस मामले में उनके निलंबन के लिए केंद्रीय अनुशासन समिति को सिफारिश किए जाने पर भी विचार करने के संकेत दिए है।
यदि ऐसा होता है तो वे दूसरे विधायक होंगे, जिनके खिलाफ प्रदेश इकाई शिकायत कर रही है। इससे पहले घनश्याम तिवाड़ी के खिलाफ भी पार्टी कार्रवाई की सिफारिश कर चुकी है, हालांकि संगठन ने उनके खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। तिवाड़ी भी सरकार और मुख्यमंत्री पर लगातार निशाना साध रहे है।