Rajasthan: अनिता भदेल ने किया जल भवन पर मटका फोड़ प्रदर्शन, दी चेतावनी- व्यवस्थाएं नहीं सुधरी तो सड़क पर घेरेंगे
अजमेर दक्षिण विधायक अनीत भदेल ने कहा कि बीसलपुर भरा पड़ा है लेकिन लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल रहा। प्रशासन और अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।
विस्तार
इसी कड़ी में बुधवार को भी पूर्व मंत्री व अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल सहित लोगों ने जल संकट को लेकर रोष जताया है। जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर खाली मटके सौंपे। साथ ही तीन दिन में जलापूर्ति सुधारने का अल्टीमेटम दिया।
विधायक अनिता भदेल, पार्षद देवेन्द्र सिंह शेखावत, जनप्रतिनिधि और लोग जल संसाधन विभाग के दफ्तर खाली मटके लेकर पहुंचे और कहा कि भगवान ने इस बार पूरा पानी दिया। भदेल ने कहा कि बीसलपुर भरा पड़ा है लेकिन अधिकारी और प्रशासन बेपरवाह है। लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल रहा। भदेल ने कहा कि क्षेत्रों में नई पाइपलाइन डाली गई और टंकियों का निर्माण किया गया लेकिन इनका उपयोग नहीं हो रहा। अधिकारी काम नहीं कर रहे। पिछली बार भी ज्ञापन दिया और अगर तीन दिन में व्यवस्थाएं नहीं सुधरी तो सड़क पर घेरेंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार सुगोत्रा ने जलापूर्ति सुचारू करने का आश्ववासन दिया। गौरतलब है कि इस बार मानसून में हुई अच्छी बारिश के कारण बीसलपुर बांध लबालब भरा हुआ है लेकिन उसके बावजूद अजमेर शहर में दो से तीन दिनों में पानी की सप्लाई की जा रही है। जिसके चलते शहर के तमाम इलाकों में पानी की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं ।