यहां अद्भुत रुप में नजर आएंगें भगवान पार्श्वनाथ, उदयपुर—जयपुर से जुड़ेगा नाता
तमिलनाडु के कृष्णागिरी-पद्मावती तीर्थ में तीर्थंकर पार्श्वनाथ की मूर्ति बनाने की तैयारी है। इस मूर्ति को आकार जयपुर के मूर्तिकार देंगे। वहीं मार्बल राजसमंद के निकट तलाई गांव की एक खदान से भेजा गया है। करीब 210 टन वजनी मार्बल का ब्लाॅक कृष्णागिरि-पद्मावती भेजा गया है।
कृष्णागिरी में पार्श्वनाथ की चार प्रतिमाएं स्थापित की जा रही है। इनका रंग हरा, काला, पीला और सफेद है। इनकी ऊंचाई 24-24 फीट रखी जाएगी। गत दो वर्षों में तीन प्रतिमाएं बनकर तैयार हो चुकी हैं। इनके लिए हरा संगमरमर उदयपुर के निकट केसरियाजी की खदान से, काला मार्बल भैंसला का डेरा सवाईमाधोपुर और पीला बलुआ पत्थर गुजरात में भुज की खदान से मंगवाया गया था।
128 टायर वाला ट्रेलर लेकर जाएगा पत्थर
इस पत्थर को ले जाने के लिए उदयपुर क्षेत्र में कोई वाहन उपलब्ध नहीं था। फिर अहमदाबाद से खासतौर से 128 टायर वाला ट्रेलर मंगवाया गया है। वह मंगलवार को कृष्णागिरि तीर्थ रवाना होगा, जिस पहुंचने में ही करीब दो माह लग सकते हैं। वहीं आमतौर पर राजसमंद की मार्बल खदानों में 20 से 22 टन वजनी एक ब्लॉक निकालता है। मूर्ति निर्माण के लिए यह पत्थर 10 गुना ज्यादा वजन का काटा गया। इसके लिए खदान में करीब 150 मीटर लम्बी नई सड़क भी बनवानी पड़ी ।